सलखुआ (सहरसा) . प्रखंड के साम्हर खुर्द ग्राम पंचायत में विवाह भवन निर्माण की मांग तेज हो गई है. पंचायत में अब तक विवाह भवन नहीं बनने से ग्रामीणों में नाराजगी है. लोगों ने सरकार की "हर ग्राम पंचायत में एक विवाह भवन " योजना के तहत पंचायत में जल्द भवन निर्माण कराने की मांग उठाई है. इसी मांग को लेकर पंचायत स्तर पर आमसभा आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए. बैठक में विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से विवाह भवन निर्माण के लिए उपयुक्त सरकारी भूमि का चयन किया गया.
चयनित भूमि मौजा साम्हर खुर्द की बिहार सरकार की है अनाबाद
चयनित भूमि मौजा साम्हर खुर्द की बिहार सरकार की अनाबाद भूमि है. ग्रामीणों का कहना है कि चयनित भूमि मुख्य सड़क (काला रोड) के किनारे तथा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय साम्हर खुर्द के सामने स्थित है. पंचायत के बीचोंबीच होने के कारण यह स्थान सार्वजनिक उपयोग के लिए सबसे उपयुक्त माना गया है. यहां विवाह भवन बनने से पंचायत के सभी गांवों के लोगों को आसानी होगी. पंचायत की मुखिया उषा देवी ने पंचायती राज मंत्री को आवेदन भेजकर चयनित भूमि पर विवाह भवन निर्माण की स्वीकृति देने की मांग की है.
विवाह भवन नहीं होने से होती है परेशानी
कहा कि पंचायत के लोगों को इस योजना का लाभ तभी मिल सकेगा, जब जल्द से जल्द भवन निर्माण की स्वीकृति दी जाएगी. ग्रामीणों ने कहा कि विवाह भवन नहीं होने के कारण लोगों को शादी-विवाह और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के लिए निजी भवन या टेंट पर अधिक खर्च करना पड़ता है. इससे गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है. लोगों ने सरकार से मांग की कि साम्हर खुर्द पंचायत में शीघ्र विवाह भवन निर्माण की स्वीकृति देकर ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा किया जाए.
