बेटे की मौत का सदमा नहीं सह सकीं मां, एक ही आंगन से उठी मां-बेटे की अर्थी

पूर्वी कोसी तटबंध के भीतर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. मामूली विवाद में बेटे की मौत के बाद सदमे में उसकी मां की भी हृदयाघात से मौत हो गई. एक ही आंगन से मां-बेटे की अर्थी उठने के मार्मिक दृश्य ने सभी को झकझोर दिया.

अररिया, सलखुआ. पूर्वी एवं पश्चिमी कोसी तटबंध के भीतर सलखुआ प्रखंड के चिरैया थाना अंतर्गत चानन पंचायत के कोकरहा टोला स्थित मुसहरी में रविवार को हृदयविदारक घटना सामने आयी. शनिवार शाम मामूली विवाद में हुई मारपीट में जान गंवाने वाले अर्जुन सादा का शव पोस्टमार्टम के बाद रविवार को घर पहुंचा. बेटे का शव देखते ही उसकी मां पदिया देवी की तबीयत अचानक बिगड़ गयी. परिजनों के अनुसार, इसी दौरान उन्हें हृदयाघात आया और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गयी. घर में बेटे के अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी, इसी बीच मां की भी मौत से पूरा परिवार सदमे में डूब गया.

मामूली विवाद में हुई मारपीट में अर्जुन की गयी जान

बताया जाता है कि शनिवार शाम कोकरहा मुसहरी में मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया था. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे. इसी दौरान अर्जुन सादा गंभीर रूप से जख्मी हो गया. बाद में उसकी मौत हो गयी. घटना के बाद गांव में तनाव के साथ शोक का माहौल बना हुआ था. रविवार को पोस्टमार्टम के बाद अर्जुन का शव उसके घर लाया गया. अंतिम दर्शन के लिए परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में जुटे थे.

बेटे का शव देखते ही बिगड़ी मां की तबीयत

परिजनों के अनुसार, पदिया देवी ने जैसे ही अपने बेटे अर्जुन का शव देखा, उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गयी. परिजनों ने बताया कि उन्हें हृदयाघात आया और कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गयी. एक ओर घर में जवान बेटे की मौत का मातम था, वहीं दूसरी ओर मां की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. परिजनों के लिए कुछ ही समय के अंतराल में दो मौतों को स्वीकार करना बेहद मुश्किल हो गया.

एक ही आंगन से उठी मां और बेटे की अर्थी

मां-बेटे की एक साथ मौत की खबर से पूरा कोकरहा टोला गम में डूब गया. जिस आंगन से कुछ देर पहले बेटे की अर्थी उठाने की तैयारी चल रही थी, उसी आंगन से मां की भी अर्थी उठी. इस मार्मिक दृश्य को देखकर मौके पर मौजूद ग्रामीणों की आंखें नम हो गयीं. परिवार में चीख-पुकार मच गयी और बड़ी संख्या में ग्रामीण शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाने के लिए उनके घर पहुंचे.

मामूली विवाद ने परिवार को दिया गहरा जख्म

घटना के बाद कोकरहा मुसहरी में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. ग्रामीणों का कहना है कि मामूली विवाद के बाद हुई हिंसा ने एक परिवार को गहरा जख्म दिया है. मां-बेटे की एक साथ अंतिम यात्रा की खबर से आसपास के इलाके में भी शोक की लहर है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Bashistha Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >