सहरसा : महिला एवं बाल विकास निगम के तहत जिला हब फॉर एम्पॉवरमेंट ऑफ वीमेन की ओर से उच्च विद्यालय सत्तरकटैया में मंगलवार को सखी वार्ता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य किशोर-किशोरियों को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, शिक्षा, करियर मार्गदर्शन तथा सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था.
हेल्पलाइन और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, बाल विवाह निषेध अधिनियम तथा बाल विवाह की रोकथाम के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई. साथ ही महिला सशक्तिकरण, लैंगिक समानता, बाल अधिकार और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया.
करियर काउंसलिंग में दिए भविष्य संवारने के टिप्स
आयोजित करियर काउंसलिंग सत्र में मैट्रिक के बाद विज्ञान, वाणिज्य एवं कला संकाय के चयन, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा, रोजगार के अवसर तथा रुचि एवं क्षमता के अनुरूप विषय चयन पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया. विद्यार्थियों ने शिक्षा, करियर, महिला सुरक्षा, सरकारी योजनाओं और साइबर सुरक्षा से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका सरल एवं व्यवहारिक तरीके से समाधान किया गया.
शिक्षा को प्राथमिकता देने का आह्वान
कार्यक्रम का संचालन जिला हब फॉर एम्पॉवरमेंट ऑफ वीमेन के जिला मिशन समन्वयक ने किया. उन्होंने छात्र-छात्राओं से शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों का विरोध करने, किसी भी प्रकार की हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने तथा अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया.
इस अवसर पर उच्च विद्यालय सत्तरकटैया के प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे. शिक्षकों ने ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी इनके नियमित आयोजन पर बल दिया.
