सहरसा में नई चीनी मिल स्थापना की तैयारी तेज, डीएम ने भूमि चयन को लेकर की समीक्षा बैठक

सहरसा में नई चीनी मिल की स्थापना की दिशा में प्रशासन ने तेजी से कदम बढ़ाए हैं. जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में भूमि चयन और कार्ययोजना पर चर्चा की गई. इस मिल से क्षेत्र के किसानों और युवाओं को मिलेगा खास लाभ.

Saharsa Sugar Mill: जिले में नई चीनी मिल की स्थापना की योजना को लेकर प्रशासन ने पहल तेज कर दी है. शनिवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जिलाधिकारी दीपेश कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में चीनी मिल के लिए उपयुक्त भूमि की उपलब्धता, संभावित स्थलों के चयन तथा आगे की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई.

गन्ना क्षेत्र विस्तार से बढ़ी संभावनाएं

बैठक में सहायक निदेशक ईख विकास ने बताया कि बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के अंतर्गत समृद्ध उद्योग, समृद्ध बिहार कार्यक्रम के तहत गन्ना उद्योग विभाग नई चीनी मिलों की स्थापना की दिशा में कार्य कर रहा है. उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिले में 75 एकड़ गन्ना फसल क्षेत्र विस्तार का लक्ष्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है, जिससे जिले में चीनी उद्योग स्थापित होने की संभावनाएं और मजबूत हुई हैं.

दो संभावित स्थलों पर हुई चर्चा

Saharsa Sugar Mill: समीक्षा बैठक में नई चीनी मिल के लिए दो संभावित स्थलों पर विशेष रूप से विचार किया गया. पहला स्थल कहरा प्रखंड के मौजा देवन स्थित प्रस्तावित 400 एकड़ से अधिक औद्योगिक क्षेत्र है, जहां से 30 से 50 एकड़ भूमि चीनी मिल के लिए उपलब्ध कराई जा सकती है. दूसरा संभावित स्थल सौरबाजार प्रखंड के मौजा कांप को चिन्हित किया गया, जिसके विभिन्न तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं पर अधिकारियों ने विस्तार से चर्चा की.

डीएम ने स्थलीय निरीक्षण का दिया निर्देश

जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने सहायक निदेशक ईख विकास को दोनों संभावित स्थलों का शीघ्र स्थलीय निरीक्षण करने का निर्देश दिया. उन्होंने संबंधित सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक प्रक्रिया शुरू करने को भी कहा, ताकि प्रस्तावित योजना को जल्द आगे बढ़ाया जा सके.

किसानों और युवाओं को मिलेगा लाभ

डीएम ने कहा कि नई चीनी मिल की स्थापना से जिले के गन्ना किसानों को अपनी उपज का बेहतर बाजार मिलेगा. इसके साथ ही कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे, जिससे जिले के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी.बैठक में उप विकास आयुक्त गौरव कुमार, अपर समाहर्ता (राजस्व), वरीय उप समाहर्ता, सहायक निदेशक शर्करा, बीज उत्पादन-सह-विपणन पदाधिकारी, ईख प्रसार पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.

ALSO READ: पेपरलेस रजिस्ट्री व्यवस्था शुरू, पहले दिन नहीं मिला अपेक्षित प्रतिसाद


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Vinay kumar mishra

Published by: Pintu Pranav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >