सहरसा शहर में अतिक्रमण की समस्या के बीच सड़क किनारे दुकान लगाने वाले फुटकर विक्रेताओं के लिए राहत की खबर है. नगर निगम ने उन्हें व्यवस्थित और सम्मानजनक तरीके से कारोबार करने के लिए वेंडिंग जोन विकसित करने की पहल तेज कर दी है. इसको लेकर नगर आयुक्त कार्यालय में महापौर बैन प्रिया संजीव झा, उप महापौर गुड्डू हयात, उपनगर आयुक्त शाहिद रज्जा खान समेत निगम के पदाधिकारियों और कर्मियों की मौजूदगी में फुटकर विक्रेताओं के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई.
अतिक्रमण हटाने के बाद दुकान लगाने की जगह की मांग
बैठक के दौरान फुटकर विक्रेताओं के प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं रखीं. उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान उनकी दुकानें प्रभावित होती हैं. ऐसे में उन्हें कारोबार करने के लिए उपयुक्त और सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराया जाना चाहिए, ताकि उनकी आजीविका पर असर नहीं पड़े.
निगम बोला- कार्रवाई के साथ विक्रेताओं के हित का भी ध्यान
नगर निगम की ओर से स्पष्ट किया गया कि अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है. हालांकि, निगम की प्राथमिकता फुटकर विक्रेताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए उन्हें व्यवस्थित और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराना है. निगम का मानना है कि इससे सड़क किनारे होने वाले अनियोजित कारोबार को व्यवस्थित किया जा सकेगा.
पांच वार्डों में वेंडिंग जोन विकसित करने की तैयारी
नगर निगम के अनुसार, वेंडिंग जोन विकसित करने की योजना पर काम आगे बढ़ चुका है. इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. साथ ही संबंधित विभागों से आवश्यक एनओसी लेने की प्रक्रिया भी चल रही है. प्रस्तावित योजना के तहत वार्ड संख्या 6, 12, 13, 21 और 22 समेत अन्य क्षेत्रों में वेंडिंग जोन विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है.
एनओसी मिलते ही तीन महीने में तैयार करने का लक्ष्य
नगर निगम ने बताया कि संबंधित विभागों से एनओसी प्राप्त होते ही करीब तीन महीने के अंदर प्रस्तावित वेंडिंग जोन तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके बाद फुटकर विक्रेताओं को व्यवस्थित तरीके से स्थान आवंटित किया जाएगा. इससे दुकानदारों को कारोबार के लिए स्थायी और सुविधाजनक जगह मिल सकेगी.
दूसरे वार्डों में भी बढ़ाया जा सकता है दायरा
निगम की योजना केवल प्रस्तावित पांच वार्डों तक सीमित नहीं है. शहर के अन्य वार्डों में भी आवश्यकता और उपलब्धता के आधार पर वेंडिंग जोन विकसित करने पर विचार किया जा रहा है. इससे अधिक संख्या में फुटकर विक्रेताओं को व्यवस्थित कारोबार के लिए जगह उपलब्ध कराने की कोशिश होगी.
सड़क किनारे दुकानें कम होने से सुधरेगी यातायात व्यवस्था
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि सड़क किनारे अनियोजित तरीके से दुकानें लगने के कारण कई जगह यातायात प्रभावित होता है. वेंडिंग जोन बनने से दुकानों को निर्धारित स्थान पर व्यवस्थित किया जा सकेगा. इससे शहर की यातायात व्यवस्था के साथ-साथ साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण में भी सुधार आने की उम्मीद है.
छोटे कारोबारियों की आजीविका भी रहेगी सुरक्षित
नगर निगम का मानना है कि फुटकर विक्रेताओं को हटाना समस्या का स्थायी समाधान नहीं है. उन्हें स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराकर उनके कारोबार को व्यवस्थित करना जरूरी है. वेंडिंग जोन की योजना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे शहर की व्यवस्था बेहतर होने के साथ छोटे व्यवसायियों की आजीविका भी सुरक्षित रह सकेगी.
