Saharsa RPF Action: सहरसा जंक्शन पर रविवार को आरपीएफ और मद्य निषेध विभाग की संयुक्त टीम ने जयनगर-मनिहारी जानकी एक्सप्रेस (15284) से 10 किलोग्राम 200 ग्राम गांजा बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया. बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है. आरोपी को जब्त गांजा और अन्य सामान के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मद्य निषेध विभाग के हवाले कर दिया गया है.
गोपनीय सूचना पर हुई संयुक्त कार्रवाई
आरपीएफ निरीक्षक धनंजय कुमार को सूचना मिली थी कि जानकी एक्सप्रेस की जनरल बोगी में एक व्यक्ति मादक पदार्थ लेकर यात्रा कर रहा है. सूचना के बाद आरपीएफ ने राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) और मद्य निषेध विभाग के साथ संयुक्त अभियान चलाया.
दो बैगों से बरामद हुआ गांजा
Saharsa RPF Action: सुबह करीब 10:50 बजे ट्रेन के सहरसा जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर पहुंचने के बाद मद्य निषेध विभाग के निरीक्षक प्रकाश कुमार के नेतृत्व में टीम ने जनरल कोच संख्या 178417/सी की सीट संख्या 79 पर बैठे संदिग्ध यात्री से पूछताछ की. उसकी सीट के नीचे रखे दो पिट्ठू बैग की तलाशी लेने पर उनमें गांजा बरामद हुआ. आरोपी बैग में रखी सामग्री के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका.
इलेक्ट्रॉनिक तराजू से हुई वजन की पुष्टि
पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई गई. इसके बाद आरपीएफ पोस्ट पर सहायक आयुक्त मनोज कुमार की मौजूदगी में दोनों बैगों की दोबारा तलाशी ली गई. इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर कुल 10 किलोग्राम 200 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसे विधिसम्मत तरीके से जब्त कर लिया गया.
पूर्णिया का रहने वाला है गिरफ्तार आरोपी
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बनमनखी से गांजा लेकर समस्तीपुर गया था, लेकिन संबंधित व्यक्ति के नहीं मिलने पर उसी गांजे के साथ वापस लौट रहा था. गिरफ्तार आरोपी की पहचान पूर्णिया जिले के सरसी थाना क्षेत्र के बालू टोला वार्ड संख्या-11 निवासी राहुल कुमार के रूप में हुई है. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
