सहरसा में ठनका गिरने से युवक मौत, गर्भवती पत्नी और बुजुर्ग माता-पिता बेहाल

Saharsa News: मवेशियों के लिए चारा काटकर घर लौट रहा था युवक, तभी आसमान से गिरी मौत. एक झटके में उजड़ गया परिवार, पीछे छूट गई गर्भवती पत्नी और मासूम बेटा.

सौरबाजार (सहरसा) से छत्री कुमार की रिपोर्ट.

Saharsa News: सहरसा जिले के सौरबाजार थाना क्षेत्र में गुरुवार को बिजली गिरने से एक परिवार की खुशियां छीन लीं. मवेशियों के लिए चारा लाने बहियार गए 25 वर्षीय युवक की ठनका गिरने से मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है. मृतक की गर्भवती पत्नी और दो वर्षीय बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है.

चारा लेकर घर लौट रहा था युवक, तभी गिरी बिजली

घटना सौरबाजार थाना क्षेत्र की कांप पश्चिमी पंचायत के रजबंधा गांव स्थित लक्षमिनियां टोला की है. जानकारी के अनुसार प्रकाश यादव का 25 वर्षीय पुत्र हीरा कुमार अपनी पत्नी के साथ बहियार में मवेशियों के लिए चारा काटने गया था. चारा काटने के बाद वह घर लौट रहा था. इसी दौरान अचानक मौसम खराब हुआ और आकाशीय बिजली उसकी चपेट में आ गई. ठनका गिरते ही युवक जमीन पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

पत्नी की आंखों के सामने चली गई पति की जान

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना इतनी अचानक हुई कि युवक को संभलने तक का मौका नहीं मिला. पत्नी के सामने ही उसकी मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे. बाद में शव को घर लाया गया, जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.

गर्भवती पत्नी और मासूम बेटे पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक हीरा कुमार अपने परिवार का कमाऊ सदस्य था. उसे एक करीब दो वर्षीय पुत्र है, जबकि उसकी पत्नी गर्भवती है. पति की मौत के बाद पत्नी बेसुध होकर बार-बार यही सवाल कर रही थी कि अब उसके बच्चों का पालन-पोषण कौन करेगा. वृद्ध माता-पिता भी जवान बेटे की मौत से गहरे सदमे में हैं.

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव

घटना की सूचना मिलने पर सौरबाजार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि आकाशीय बिजली की चपेट में आने से युवक की मौत हुई है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है तथा आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.

घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मृतक परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन से उचित सरकारी सहायता देने की मांग की है.

Also Read: लालू यादव के बर्थडे पर पढ़िए उनके कई मजेदार किस्से, जो आज भी लोगों को गुदगुदाते हैं

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pratyush prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >