सहरसा से विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट.
Saharsa News: बिहार माध्यमिक विद्यालय अध्यापक संघ की सहरसा जिला इकाई ने मंगलवार को परिसदन में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी को ज्ञापन सौंपकर शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान की मांग की. जिलाध्यक्ष डॉ. विकास मिश्रा के नेतृत्व में पहुंचे शिक्षकों ने बकाया एरियर, नियमसंगत आवास भत्ता, HRMS में त्रुटियों और कंप्यूटर शिक्षकों से गैर-शैक्षणिक कार्य लिए जाने जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया.
HRA में कटौती से शिक्षकों में नाराजगी
संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. विकास मिश्रा ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र से आठ किलोमीटर की परिधि में स्थित विद्यालयों के शिक्षकों को 10 प्रतिशत आवास भत्ता देने का प्रावधान है. सहरसा नगर निगम क्षेत्र के विस्तार के बाद और अधिक विद्यालय इस श्रेणी में आ गए हैं, लेकिन लाभ बढ़ाने के बजाय कई शिक्षकों का HRA 10 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है. उन्होंने इसे शिक्षकों के साथ अन्याय बताते हुए तत्काल सुधार की मांग की.
वर्षों से लंबित है एरियर भुगतान
संघ के सचिव हिमांशु शेखर मिश्र ने कहा कि शिक्षकों का एरियर वर्षों से लंबित है. इसके भुगतान को लेकर लगातार मांग उठाई जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है. उन्होंने सरकार से जल्द भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की.
HRMS की गड़बड़ियों से बढ़ी परेशानी
प्रवक्ता परमेश्वर कुमार ने बताया कि HRMS पोर्टल में कई शिक्षकों के नाम, पदनाम और अन्य विवरणों में त्रुटियां दर्ज हो गई हैं. इन गलतियों को सुधारने के लिए शिक्षकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं. इसके बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है.
गैर-शैक्षणिक कार्यों से प्रभावित हो रही पढ़ाई
संघ के मीडिया प्रभारी समदर्शी कुमार ने आरोप लगाया कि बिना किसी विभागीय आदेश के कंप्यूटर शिक्षकों को विद्यालयों से बुलाकर दूसरे विभागों के कार्यों में लगाया जा रहा है. इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है. उन्होंने कहा कि जिन कार्यों के लिए पहले से डाटा ऑपरेटर नियुक्त हैं, वहां शिक्षकों को लगाने का कोई औचित्य नहीं है.
सम्मानजनक व्यवहार की भी उठी मांग
मीडिया प्रभारी पंकज ठाकुर ने कहा कि शिक्षकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी स्तर पर शिक्षकों के साथ अमर्यादित व्यवहार किया गया तो संघ उसका लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगा. इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे और अपनी मांगों के समर्थन में एकजुटता दिखाई.
Also Read: पटना में NEET की तैयारी कर रही छात्रा ने की आत्महत्या, हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला शव
