सहरसा से राजेश डेनजील की रिपोर्ट:
Saharsa news: जिले के नवहट्टा प्रखंड अंतर्गत हाटी और बकुनिया पंचायत में 2 जून को विशेष सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा. इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रिया भारती ने जानकारी दी.
बीडीओ ने बताया कि बिहार सरकार की जनसमस्या निवारण पहल के तहत दोनों पंचायत भवनों में यह शिविर लगाया जाएगा. शिविर में आम लोग अपनी समस्याओं, शिकायतों और सुझावों से संबंधित आवेदन दे सकेंगे.
उन्होंने बताया कि बिहार सरकार के सहयोग पोर्टल पर दर्ज आवेदनों की स्थिति की जानकारी भी लोगों को उपलब्ध कराई जाएगी. इसके अलावा विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों के समाधान और जरूरी मार्गदर्शन की व्यवस्था भी रहेगी.
बीडीओ ने लोगों से अपील की कि सरकारी योजना, प्रमाण पत्र, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, आवास, पेंशन या अन्य प्रशासनिक कार्यों से जुड़ी समस्या होने पर निर्धारित तिथि को पंचायत भवन पहुंचकर आवेदन दें.
प्रखंड प्रशासन के अनुसार शिविर का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान करना और सरकारी सेवाओं को अधिक सुलभ एवं पारदर्शी बनाना है. शिविर में प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
