सिमरी बख्तियारपुर से रिपोर्ट.
Saharsa News: सिमरी बख्तियारपुर नगर परिषद क्षेत्र स्थित रानी बाग के समीप निर्माणाधीन रेल ओवरब्रिज (आरओबी) को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. सोमवार को अनुमंडल पदाधिकारी आलोक राय ने एनएचएआई के अधिकारियों और इंजीनियरों के साथ निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया.
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सितंबर माह तक आरओबी का निर्माण पूरा कर इसे आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा.
किस चरण में पहुंचा निर्माण कार्य
निरीक्षण के दौरान एनएचएआई के इंजीनियरों ने एसडीओ को बताया कि पुल का स्लैब दूसरे स्थान पर तैयार किया जा रहा है. तैयार होने के बाद इसे निर्माण स्थल पर लाकर स्थापित किया जाएगा.
इसके बाद शेष निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा किया जाएगा. अधिकारियों का कहना है कि वर्तमान में कार्य निर्धारित योजना के अनुसार आगे बढ़ रहा है और समय सीमा के भीतर इसे पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है.
गुणवत्ता और समयसीमा पर विशेष जोर
एसडीओ आलोक राय ने निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्य गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता किए बिना निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए.
उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के हजारों लोगों की लंबे समय से जुड़ी मांग रही है. इसके पूरा होने से आवागमन की समस्या काफी हद तक दूर होगी और लोगों को रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी.
पहले भी हो चुका है उच्चस्तरीय निरीक्षण
रानी बाग आरओबी परियोजना को लेकर कुछ माह पहले जिलाधिकारी दीपेश कुमार और सांसद राजेश वर्मा भी निर्माण स्थल का निरीक्षण कर चुके हैं. दोनों ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और जल्द परियोजना पूरी करने का निर्देश दिया था.
इसके बावजूद निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर स्थानीय लोगों के बीच असंतोष बना हुआ है.
जाम से मुक्ति की उम्मीद
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि दो वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुल का निर्माण पूरा नहीं हो सका है. इससे रोजाना यात्रा करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
लोगों का मानना है कि आरओबी शुरू होने के बाद रानी बाग, सिमरी बख्तियारपुर और आसपास के इलाकों में वर्षों से बनी जाम की समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा. यही कारण है कि क्षेत्र के लोग अब सितंबर माह का इंतजार कर रहे हैं.
Also Read: लोकगायक, अभिनेता से नेता बनने तक, पवन सिंह का ‘पावर स्टार’ सफर
