स्वास्थ्य, स्वच्छता और माहवारी प्रबंधन की दी गई जानकारी
सहरसा से विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट:
Saharsa news: विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस के अवसर पर गुरुवार को महिला एवं बाल विकास निगम के जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ विमेन (डीएचईडब्ल्यू) के तहत अन्य पिछड़ा वर्ग प्लस टू आवासीय कन्या उच्च विद्यालय, मेनहा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों एवं छात्राओं को माहवारी स्वच्छता, स्वास्थ्य और व्यक्तिगत साफ-सफाई के प्रति जागरूक करना था.
कार्यक्रम की शुरुआत जिला मिशन समन्वयक द्वारा विषय की रूपरेखा प्रस्तुत कर की गई. इस दौरान छात्राओं को माहवारी स्वच्छता दिवस के महत्व, माहवारी के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों तथा स्वच्छता संबंधी जरूरी जानकारी दी गई. साथ ही माहवारी स्वच्छता पर आधारित एक जागरूकता फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया, जिसे छात्राओं ने उत्साहपूर्वक देखा.
जिला परियोजना प्रबंधक, महिला एवं बाल विकास निगम ने छात्राओं को माहवारी के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, सेनेटरी उत्पादों के सुरक्षित उपयोग एवं उनके उचित निपटान की प्रक्रिया के बारे में सरल भाषा में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने बालिकाओं को माहवारी से जुड़े मिथकों और भ्रांतियों से दूर रहने तथा स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया.
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने माहवारी स्वच्छता एवं स्वास्थ्य से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा विस्तारपूर्वक जवाब दिया गया. इससे छात्राओं में जागरूकता और आत्मविश्वास बढ़ा.
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं एवं शिक्षिकाओं के बीच स्वच्छता किट का वितरण किया गया. मौके पर डीएचईडब्ल्यू, ओएससी के कर्मी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी सह नोडल पदाधिकारी, विद्यालय के प्रभारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद थीं.
