सहरसा से राजेश डेनजील की रिपोर्ट
Saharsa News: सहरसा जिले के नवहट्टा प्रखंड अंतर्गत मोहनपुर पंचायत के फेकराही परसबन्ना वार्ड संख्या-08 में मंगलवार को शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में पांच परिवारों के घर जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए. घटना के समय अधिकांश लोग खेतों में मकई की कटाई करने गए हुए थे, जिससे आग पर शुरुआती स्तर पर काबू नहीं पाया जा सका.
शॉर्ट सर्किट से भड़की आग
स्थानीय लोगों के अनुसार अचानक एक घर से आग की लपटें उठनी शुरू हुईं. कुछ ही मिनटों में आग ने आसपास के अन्य घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया. उस समय अधिकांश परिवार खेतों में काम कर रहे थे. सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवा और विकराल लपटों के कारण सफलता नहीं मिली.
अनाज, नकदी और जरूरी दस्तावेज सब जलकर राख
अग्निकांड में मोहम्मद मुस्तफा, अताउल्लाह, सनाउल्लाह, सहनाज खातून और मो. अजनस के घर पूरी तरह जल गए. घरों में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, जरूरी कागजात और नकदी समेत लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति नष्ट हो गई. पीड़ित परिवारों के सामने अब रहने और दैनिक जरूरतों की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है.
घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. हालांकि तब तक पांचों घर पूरी तरह जल चुके थे.
राहत और मुआवजे की मांग
पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से तत्काल राहत सामग्री, खाद्यान्न और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि आग ने परिवारों को पूरी तरह बेघर कर दिया है और अब सरकारी मदद ही उनका सहारा है.
Also Read: पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग, गार्ड घायल; प्रतिद्वंद्वी संस्थान पर जताया शक
