सहरसा में कला भवन के पास कचरे में लगी आग, धुएं से दहशत, दमकल ने टाला बड़ा हादसा

Saharsa News: सहरसा में सिमरी बख्तियारपुर में सुबह-सुबह मची अफरातफरी, रिहायशी इलाके तक पहुंचा धुआं

Saharsa News: आयुष, सिमरी बख्तियारपुर, सहरसा से रिपोर्ट. नगर परिषद क्षेत्र के कला भवन के समीप रविवार सुबह कचरे के ढेर में आग लगने से इलाके में अफरातफरी मच गई. आग से उठता घना धुआं आसपास के रिहायशी इलाकों तक फैल गया, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों की तत्परता और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह लोगों ने कला भवन के पास कचरे के ढेर से धुआं उठते देखा. देखते ही देखते आग फैलने लगी और पूरे इलाके में काले धुएं का गुबार छा गया. धुआं फैलने से लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी और आसपास के घरों में रहने वाले लोग बाहर निकल आए.

दमकल की दो गाड़ियों ने पाया आग पर काबू

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम दो फायर ब्रिगेड वाहनों के साथ मौके पर पहुंची. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर आग लगी, वहां घनी आबादी है. यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती तो लपटें आसपास के घरों तक पहुंच सकती थीं और बड़ा हादसा हो सकता था.

आग बुझाने के दौरान काफी देर तक इलाके में धुआं फैला रहा, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. कई लोग मुंह पर कपड़ा बांधकर घरों से बाहर निकलते दिखाई दिए.

असामाजिक तत्वों पर लोगों का आरोप

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि इलाके में अक्सर असामाजिक तत्व कचरे के ढेर में आग लगा देते हैं. इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. लोगों का कहना है कि नगर परिषद की ओर से नियमित सफाई और निगरानी नहीं होने के कारण ऐसी घटनाएं बार-बार सामने आती हैं.

रिहायशी इलाके के लोगों ने नगर परिषद प्रशासन से मांग की है कि कचरा निस्तारण की व्यवस्था बेहतर की जाए और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाई जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.

लोगों ने उठाई नियमित सफाई की मांग

घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने नगर परिषद से इलाके में नियमित सफाई अभियान चलाने और कचरे के ढेर को जल्द हटाने की मांग की है. लोगों का कहना है कि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है.

Also Read: केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की सुरक्षा बढ़ी, पहले से रची गई थी हमले की साजिश, तीसरा आरोपी अब भी फरार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >