सहरसा में 6 महीने से बंद पड़ा ट्रांसफार्मर, 30 एकड़ खेतों की सिंचाई ठप, धान रोपनी से पहले बढ़ी किसानों की चिंता

Saharsa News: सहरसा में धान की तैयारी पर बिजली संकट की मार, ट्रांसफार्मर खराब होने से किसानों के सामने खड़ा हुआ बड़ा संकट

बनमा ईटहरी सहरसा से आशीष कुमार सिंह की रिपोर्ट

Saharsa News: सहरसा जिले के बनमा ईटहरी प्रखंड की सहुरिया पंचायत में किसानों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं. बोरहा बथान के पास लगा कृषि ट्रांसफार्मर पिछले छह माह से खराब पड़ा है, जिसके कारण 30 एकड़ से अधिक कृषि भूमि की सिंचाई प्रभावित हो रही है. धान का बिचड़ा गिराने का समय शुरू हो चुका है, लेकिन खेतों तक पानी नहीं पहुंच पाने से किसान चिंतित हैं. समय पर सिंचाई नहीं होने की स्थिति में खरीफ फसल उत्पादन पर भी असर पड़ सकता है.

दो ट्रांसफार्मरों के खराब होने से बढ़ी परेशानी

स्थानीय किसानों के अनुसार क्षेत्र का एक कृषि ट्रांसफार्मर पिछले करीब दो वर्षों से खराब है. वहीं दूसरा ट्रांसफार्मर भी उपयोग से बाहर हो गया है क्योंकि उसका तेल अज्ञात लोगों द्वारा निकाल लिया गया. इसके चलते मूंग की फसल के दौरान भी किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ा था. अब धान की खेती के महत्वपूर्ण दौर में बिजली संकट ने किसानों की चिंता और बढ़ा दी है.

किसान राजकुमार शर्मा, सुशील पासवान, ब्यास नंदन सिंह, रामबालक सिंह, सुभाष शर्मा, मदन ठाकुर, घनश्याम सिंह और भूपो सिंह ने बताया कि सिंचाई के अभाव में खेती प्रभावित हो रही है. कई किसानों को निजी साधनों से पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है, जिससे खेती की लागत बढ़ रही है.

कई बार शिकायत के बावजूद नहीं हुआ समाधान

ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना कई बार बिजली विभाग को दी गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकला. किसानों के मुताबिक ट्रांसफार्मर लंबे समय से बंद पड़ा है और उसके आसपास झाड़ियां तक उग आई हैं. इससे स्पष्ट है कि लंबे समय से इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है.

तेल चोरी में मिलीभगत का आरोप

पूर्व मुखिया सुशील पासवान ने आरोप लगाया कि ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी की घटनाओं में कुछ लोगों की मिलीभगत हो सकती है. उन्होंने विभाग से पूरे मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. उनका कहना है कि ऐसी घटनाओं के कारण किसानों को लगातार नुकसान उठाना पड़ रहा है.

बिजली विभाग ने दिया एक सप्ताह का आश्वासन

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कनिय अभियंता नंदकिशोर कुमार ने कहा कि शिकायत की जानकारी मिल चुकी है. ट्रांसफार्मर की मरम्मत के लिए तकनीकी कर्मियों को भेजा जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि एक सप्ताह के भीतर ट्रांसफार्मर को दुरुस्त कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी.

Also Read: पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग, गार्ड घायल; प्रतिद्वंद्वी संस्थान पर जताया शक

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pratyush prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >