सहरसा से विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट.
Saharsa News: राज्य सरकार के निर्देश पर आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आयोजित पंचायतवार सहयोग शिविर के तहत मंगलवार को सहरसा जिले के विभिन्न पंचायतों में विद्युत विभाग की ओर से विशेष शिविर लगाए गए. शिविरों में बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतें सुनी गईं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया. विभाग ने इसे उपभोक्ता सेवाओं को गांव स्तर तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है.
बिजली बिल से लेकर स्मार्ट मीटर तक की समस्याओं का समाधान
विद्युत कार्यपालक अभियंता अमित कुमार ने बताया कि सहयोग शिविरों के माध्यम से प्राप्त शिकायतों और आवेदनों का मानक प्रक्रिया के तहत त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जा रहा है. उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए.
शिविर में बिजली बिल सुधार, नया विद्युत कनेक्शन, स्मार्ट प्रीपेड मीटर से संबंधित सहायता, मीटर खराबी, बकाया भुगतान, लोड वृद्धि और विद्युत आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया गया.
हर महीने दो बार मिल रही सुविधा
कार्यपालक अभियंता ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर विशेष सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं. इसका उद्देश्य लोगों को स्थानीय स्तर पर ही सेवाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है.
शिविर में उपभोक्ताओं को ऊर्जा संरक्षण, सुरक्षित विद्युत उपयोग, स्मार्ट प्रीपेड मीटर के फायदे और प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना जैसी महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई.
इन पंचायतों में आयोजित हुए शिविर
मंगलवार को कहरा प्रखंड के मुरली बसंतपुर पंचायत सरकार भवन, महिषी प्रखंड के घोघेपुर मध्य विद्यालय और आराघाट तेलवा पूर्वी क्षेत्र, नलहटा प्रखंड के बाकुनियां पंचायत भवन, बरियाही हाटी बाढ़ आश्रय स्थल, सौरबाजार प्रखंड के चंदौर पश्चिमी पंचायत भवन तथा सत्तरकटैया प्रखंड के ओकाही बाढ़ आश्रय स्थल में सहयोग शिविर आयोजित किए गए.
अधिक से अधिक लोगों से भागीदारी की अपील
विद्युत कार्यपालक अभियंता अमित कुमार ने जिले के उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अपने पंचायत क्षेत्र में आयोजित सहयोग शिविरों में भाग लें और बिजली संबंधी समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर कराएं. उन्होंने कहा कि विभाग का लक्ष्य पारदर्शी, सरल और सुलभ सेवाएं उपलब्ध कराना तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निवारण सुनिश्चित करना है.
Also Read: पटना में NEET की तैयारी कर रही छात्रा ने की आत्महत्या, हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला शव
