सहरसा से विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट.
Saharsa News: सहरसा स्थित जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में मंगलवार सुबह आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया. कार्यालय भवन की तीसरी मंजिल पर स्थित सभाकक्ष में लगी आग से करीब ढाई लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है. प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है.
सुबह गार्ड ने देखा धुआं, मची अफरा-तफरी
जिला शिक्षा पदाधिकारी हेमचंद्र ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे कार्यालय के सभाकक्ष से धुआं निकलता देख गार्ड ने इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे.
कार्यालय में उपलब्ध अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया. साथ ही तत्काल अग्निशमन विभाग को भी सूचना दी गई.
दो दमकल वाहनों ने पाया आग पर काबू
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम दो बड़े दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंची. अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी श्यामसुंदर यादव के नेतृत्व में आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया.
काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया. अधिकारियों के अनुसार यदि समय पर कार्रवाई नहीं होती तो आग आसपास के अन्य कार्यालयों तक फैल सकती थी.
एलसीडी, एसी और फर्नीचर जलकर नष्ट
आग की इस घटना में सभाकक्ष में रखे विभिन्न फर्नीचर, एलसीडी और एयर कंडीशनर जलकर नष्ट हो गए. विभागीय अधिकारियों के अनुसार नुकसान का प्रारंभिक अनुमान ढाई लाख रुपये से अधिक का लगाया गया है.
हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी महत्वपूर्ण सरकारी फाइल या दस्तावेज को नुकसान नहीं पहुंचा है.
जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका
अग्निशमन विभाग के अनुसार प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रही है. घटना के समय कार्यालय बंद था, इसलिए किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई.
अधिकारियों ने बताया कि आग से असैनिक कार्यालय, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष और ई-शिक्षा कार्यालय को भी खतरा था, लेकिन समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया.
बड़ा हादसा टला
कार्यालय परिसर में लगी इस आग ने एक बार फिर सरकारी भवनों में विद्युत सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. हालांकि समय पर गार्ड की सतर्कता और अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया.
अब विभागीय स्तर पर नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी.
Also Read: लोकगायक, अभिनेता से नेता बनने तक, पवन सिंह का ‘पावर स्टार’ सफर
