Saharsa Mandi : सहरसा अनाज मंडी में इन दिनों फसलों के दामों में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है. जहां एक तरफ मक्का और गेहूं की बंपर आवक के कारण इनके दामों में भारी गिरावट दर्ज की गई है, वहीं दूसरी तरफ चावल की चौतरफा मांग ने बाजार में पूरी तरह से तेजी ला दी है. अगर आप आज मंडी में अपना माल ले जाने की सोच रहे हैं, तो नुकसान से बचने के लिए विभिन्न अनाजों, दालों और तेल के इन ताजा भावों को जरूर नोट कर लें.
अधिक आवक से मक्का के भाव पर दबाव
मंडी कारोबारियों के अनुसार इन दिनों किसान बड़ी मात्रा में मक्का लेकर बाजार पहुंच रहे हैं. आवक बढ़ने के बावजूद बड़े खरीदार सीमित मात्रा में खरीदारी कर रहे हैं. इसी वजह से मक्का के दामों में दबाव बना हुआ है.
बुधवार को मंडी में मक्का का भाव 1900 से 2000 रुपये प्रति क्विंटल के बीच दर्ज किया गया. कारोबारियों का कहना है कि जब तक मांग में तेजी नहीं आती, तब तक मक्का के भाव में बड़ी बढ़ोतरी की संभावना कम है.
गेहूं में भी दिखी हल्की गिरावट
मक्का की तरह गेहूं बाजार में भी नरमी का माहौल रहा. पर्याप्त स्टॉक और सामान्य आवक के कारण कीमतों में हल्की गिरावट दर्ज की गई. मंडी में गेहूं 2400 से 2500 रुपये प्रति क्विंटल के बीच बिका.
व्यापारियों का मानना है कि फिलहाल गेहूं बाजार में आपूर्ति की कोई कमी नहीं है, इसलिए भाव स्थिर से नरम बने रह सकते हैं.
चावल ने संभाला बाजार
अनाज बाजार में सबसे बेहतर प्रदर्शन चावल का रहा. बाहरी राज्यों से मांग बढ़ने के कारण कई प्रमुख किस्मों के चावल के भाव मजबूत बने हुए हैं. इससे व्यापारियों और चावल उत्पादक किसानों को राहत मिली है.
मंडी में खिलाखिला चावल 5300 से 5400 रुपये प्रति क्विंटल के बीच बिका. वहीं 24 कैरेट बासमती और 24 कैरेट जी हां चावल का भाव 5700 से 5800 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया. कारोबारियों का कहना है कि मांग का यही रुख बना रहा तो आने वाले दिनों में कीमतों में और मजबूती आ सकती है.
दाल और तिलहन बाजार का हाल
दालों के बाजार में मसूर 6500 से 7000 रुपये, अरहर 12500 से 13000 रुपये और चना दाल 7500 से 8000 रुपये प्रति क्विंटल के बीच कारोबार करती रही. गोटा चना 6500 से 6700 रुपये और गोटा मूंग 10000 से 10500 रुपये प्रति क्विंटल के बीच बिका.
तिलहन में पीला सरसों 11000 से 12000 रुपये प्रति क्विंटल रहा. वहीं 15 लीटर धारा सरसों तेल का भाव 2550 से 2600 रुपये के बीच दर्ज किया गया.
आलू-प्याज के भाव स्थिर
सब्जी बाजार में आलू और प्याज के दाम अपेक्षाकृत स्थिर रहे. मंडी में आलू 800 से 900 रुपये प्रति क्विंटल और प्याज 1600 से 1700 रुपये प्रति क्विंटल के बीच बिकता रहा.
मंडी विशेषज्ञों का मानना है कि अगले सप्ताह मक्का की आवक और चावल की मांग बाजार की दिशा तय करेगी. यदि मक्का की आपूर्ति बढ़ती रही तो भाव दबाव में रह सकते हैं, जबकि चावल में मजबूत मांग कीमतों को और सहारा दे सकती है. ऐसे में किसानों और व्यापारियों के लिए ताजा मंडी भाव पर लगातार नजर बनाए रखना जरूरी होगा.
Also Read: लोकगायक, अभिनेता से नेता बनने तक, पवन सिंह का ‘पावर स्टार’ सफर
