सहरसा में पत्रकार पर हमले के विरोध में उबले छात्र-युवा संगठन: सिविल सर्जन का फूंका पुतला; 48 घंटे में गिरफ्तारी न होने पर 'सहरसा बंद' का अल्टीमेटम

सहरसा में सदर अस्पताल में पत्रकार अभिषेक कुमार पर हुए कथित हमले के विरोध में छात्र और युवा संगठनों ने प्रदर्शन किया. उन्होंने सिविल सर्जन का पुतला फूंका और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की.

सहरसा. कहरा प्रखंड के वासुदेव स्कूल में एमडीएम में छिपकली मिलने की खबर के संकलन के दौरान सदर अस्पताल पहुंचे प्रभात खबर डिजिटल के पत्रकार अभिषेक कुमार के साथ कथित मारपीट और हमले के विरोध में रविवार को छात्र, युवा एवं सामाजिक संगठनों ने वीर कुंवर सिंह चौक पर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने सिविल सर्जन डॉ राजनारायण प्रसाद का पुतला दहन कर घटना में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की.

पैरामेडिकल छात्रों को बुलाकर मारपीट कराने का लगाया आरोप

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि खबर संकलन के दौरान सदर अस्पताल के प्रभारी अधीक्षक डॉ एसके आजाद और अस्पताल प्रबंधक सिंपी कुमारी ने बड़ी संख्या में पैरामेडिकल छात्रों को बुलाकर पत्रकार अभिषेक कुमार के साथ मारपीट करायी. प्रदर्शनकारियों के अनुसार घटना में पत्रकार घायल हो गए, जिसके बाद उनका इलाज नारायण मेडिकल में कराया गया.

विस्तार से जानने के लिए लिंक पर टैप करें

48 घंटे में गिरफ्तारी नहीं तो सहरसा बंद की चेतावनी

पुतला दहन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मनीष कुमार ने कहा कि सदर थाना में आवेदन दिए जाने के बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं होने से छात्र और युवा संगठनों में आक्रोश है. उन्होंने कहा कि पत्रकार द्वारा सदर अस्पताल की कथित कुव्यवस्थाओं को लगातार सामने लाया जा रहा था और पत्रकार पर हमला गंभीर एवं निंदनीय घटना है.

उन्होंने मामले की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए चेतावनी दी कि 48 घंटे के भीतर आरोपित डॉक्टरों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा और सहरसा बंद का आह्वान किया जाएगा.

अस्पताल प्रबंधक की नियुक्ति की जांच की मांग

एआईएसएफ के पूर्व छात्र नेता शंकर कुमार ने अस्पताल प्रबंधक सिंपी कुमारी की नियुक्ति और उनके पद से जुड़े सवालों की जांच की मांग की. उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित तथ्यों को सामने लाया जाना चाहिए.

पत्रकार पर हमला लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला : कुंदन यादव

आरवाईए के राष्ट्रीय परिषद सदस्य कुंदन यादव ने कहा कि पत्रकार पर हमला लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला है. उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की.

विभिन्न संगठनों ने भी की निष्पक्ष जांच की मांग

सोहन झा, अभाविप के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मोनु झा, छात्र राजद के निवर्तमान जिलाध्यक्ष धीरज सम्राट, युवा कांग्रेस नेता विक्रम यादव, समाजसेवी रोशन कुमार माधव, कौशल क्रांतिकारी, जदयू नेता प्रवीण कुमार और एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष बंटी झा ने भी घटना की निष्पक्ष जांच, आरोपितों की पहचान और कानूनी कार्रवाई की मांग की.

वक्ताओं ने सदर अस्पताल में कथित अनियमितताओं, चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की भूमिका तथा अस्पताल की व्यवस्था से जुड़े विभिन्न आरोपों की भी जांच कराने की मांग की.

डीएम और पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग

प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी और पुलिस प्रशासन से पत्रकार के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की. उन्होंने हमले में शामिल सभी आरोपितों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई करने तथा पत्रकारों को निर्भीक होकर काम करने के लिए सुरक्षा का भरोसा देने की मांग की.

बड़ी संख्या में छात्र और युवा रहे मौजूद

प्रदर्शन में रुपेश यादव, आदित्य राव यादव, रतन मिश्रा, संजय पासवान, मुकेश कुमार साह, बिट्टू कुमार, अनीश कुमार, आयुष राधे, कौशल कुमार, अमन कुमार, अमित कुमार, पवन कुमार साह, मो जाबिर, अकरम अली, मनु कुमार यादव, मोहम्मद इरफान, मोहम्मद शमी, पारस पासवान, राजेश रमन, दिलखुश साह, सोनू मिश्रा, प्रदीप कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र, युवा और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vinay Kumar Mishra

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >