सहरसा मंडी में गुरुवार को अनाज बाजार का मिला-जुला रुख देखने को मिला. मौसम साफ रहने के कारण कृषि उत्पादों की आवक सामान्य रही. हालांकि मक्का की बढ़ी हुई आवक और खरीदारों की सीमित सक्रियता के कारण इसके भाव में नरमी दर्ज की गयी. गेहूं के दाम में भी हल्की गिरावट देखने को मिली. दूसरी ओर चावल की मांग मजबूत रहने से बाजार में इसकी प्रमुख किस्मों के भाव टिके रहे.
बढ़ी आवक और कमजोर मांग से मक्का नरम
मंडी कारोबारियों के अनुसार किसान लगातार मक्का लेकर बाजार पहुंच रहे हैं. आवक पर्याप्त होने के बावजूद बड़े खरीदार सीमित मात्रा में ही खरीदारी कर रहे हैं. मांग और आपूर्ति के बीच बने अंतर का असर मक्का की कीमतों पर पड़ा है. बुधवार को मक्का 1900 से 2000 रुपये प्रति क्विंटल के बीच बिका.
गेहूं के भाव में भी हल्की गिरावट
मक्का के साथ गेहूं बाजार में भी नरमी का माहौल रहा. मंडी में पर्याप्त उपलब्धता के कारण गेहूं के भाव में हल्की गिरावट दर्ज की गयी. कारोबारियों के अनुसार फिलहाल बाजार में गेहूं की आपूर्ति मांग के मुकाबले पर्याप्त है. बुधवार को गेहूं का भाव 2400 से 2500 रुपये प्रति क्विंटल रहा.
बाहरी बाजारों की मांग से चावल मजबूत
मक्का और गेहूं के विपरीत चावल बाजार में अच्छी मांग बनी हुई है. कारोबारियों के अनुसार बाहरी बाजारों से लगातार मांग आने के कारण चावल की कुछ प्रमुख किस्मों के भाव मजबूत हैं. इससे चावल उत्पादकों और व्यापारियों को राहत मिली है. यदि आने वाले दिनों में मांग बनी रही तो कीमतों में और मजबूती आ सकती है.
चावल की प्रमुख किस्मों के ये रहे भाव
मंडी में चावल खिलाखिला का भाव 5300 से 5400 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया. 24 कैरेट बासमती और 24 कैरेट जी हां चावल 5700 से 5800 रुपये प्रति क्विंटल के आसपास बिके. कारोबारियों की नजर अब बाहरी बाजारों से आने वाली मांग पर बनी हुई है.
दालों में मसूर और अरहर के भाव मजबूत
दाल बाजार में मसूर का भाव 6500 से 7000 रुपये प्रति क्विंटल रहा. अरहर 12500 से 13000 रुपये और चना दाल 7500 से 8000 रुपये प्रति क्विंटल बिकी. गोटा चना 6500 से 6700 रुपये तथा गोटा मूंग 10000 से 10500 रुपये प्रति क्विंटल के बीच रहा.
सरसों तेल और अन्य जिंसों के भाव
पीला सरसों 11000 से 12000 रुपये प्रति क्विंटल के बीच बिका, जबकि 15 लीटर धारा सरसों तेल का भाव 2550 से 2600 रुपये रहा. आलू 100 से 1200 रुपये और प्याज 4000 से 4200 रुपये प्रति क्विंटल के बीच बिके.
अगले सप्ताह मक्का और चावल पर रहेगी नजर
मंडी विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में मक्का की आवक और चावल की मांग बाजार की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएगी. मक्का की आवक अधिक रही और खरीदारी सीमित रही तो इसके भाव पर दबाव बना रह सकता है. वहीं चावल की बाहरी मांग मजबूत रहने पर इसके भाव में तेजी की संभावना बनी हुई है. ऐसे में किसानों और व्यापारियों के लिए रोजाना के मंडी भाव पर नजर रखना जरूरी होगा.
