Drug Bust: कोसी प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक डॉ. कुमार आशीष के नेतृत्व में चल रहे "नशा मुक्त कोसी" अभियान के तहत रविवार को सहरसा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 किलोग्राम गांजा बरामद किया. सदर थाना पुलिस और जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) की संयुक्त टीम ने शंकर चौक के समीप छापेमारी कर दो अंतरजिला तस्करों को गिरफ्तार किया. बरामद गांजा जब्त कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
होटल के पास घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी ट्रेन से सहरसा जंक्शन पहुंचे थे. वहां से वे शंकर चौक स्थित एक होटल में खाना खाने गए. इसी दौरान पुलिस को उनके बारे में गुप्त सूचना मिली. सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और डीआईयू की टीम ने होटल के आसपास घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया. तलाशी के दौरान दोनों के बैग से कुल 17 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया.
नेपाल से बेगूसराय तक फैले नेटवर्क की जांच
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली है कि गांजा नेपाल से लाकर सुपौल जिले के निर्मली तक पहुंचाया जाता था. वहां से दोनों आरोपी ट्रेन के माध्यम से सहरसा होते हुए बेगूसराय ले जाकर उसकी आपूर्ति करते थे. पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है.
दोनों आरोपियों की हुई पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल वार्ड संख्या-8 निवासी परमानंद प्रसाद यादव के पुत्र रविंद्र कुमार (32) तथा बलिया थाना क्षेत्र के बड़ी बलिया वार्ड संख्या-4 निवासी स्व. रामस्वरूप यादव के पुत्र परमानंद यादव (30) के रूप में हुई है.
नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नेपाल से गांजा की आपूर्ति कौन करता था, निर्मली में खेप किसके माध्यम से पहुंचती थी और बेगूसराय में इसकी डिलीवरी किन लोगों को दी जाती थी. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि दोनों आरोपी पहले भी इस मार्ग से मादक पदार्थों की तस्करी कर चुके हैं या नहीं.
'नशा मुक्त कोसी' अभियान रहेगा जारी
Drug Bust: पुलिस का कहना है कि कोसी प्रक्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
