दस वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का आरोप, गंभीर हालत में मधेपुरा रेफर, पुलिस जांच में जुटी

सहरसा में एक 10 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घास काटने गई बच्ची को सुनसान जगह ले जाकर वारदात को अंजाम दिया गया. गंभीर हालत में बच्ची को मधेपुरा रेफर किया गया है, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

सहरसा. सदर थाना क्षेत्र में रविवार की दोपहर दस वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी. गंभीर रूप से घायल बच्ची को परिजन इलाज के लिए मॉडल सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज मधेपुरा रेफर कर दिया गया. घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस के अनुसार घटना में शामिल लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है.

घास काटने गयी थी बच्ची, सुनसान जगह ले जाने का आरोप

परिजनों के अनुसार बच्ची घर के पीछे घास काटने गयी थी. इसी दौरान गांव के ही एक नाबालिग किशोर पर उसे सुनसान स्थान पर ले जाकर हाथ बांधने और दुष्कर्म करने का आरोप लगाया गया है. परिजनों का यह भी कहना है कि घटना के दौरान दो अन्य किशोर भी मौके पर मौजूद थे. वारदात के बाद बच्ची गंभीर रूप से घायल अवस्था में किसी तरह घर पहुंची. हालांकि, घटना में शामिल लोगों की वास्तविक भूमिका पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.

रोते हुए घर पहुंची बच्ची ने महिलाओं को बतायी आपबीती

पीड़िता की मां ने बताया कि घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं थीं. बच्ची जब जख्मी हालत में रोते हुए घर पहुंची तो आसपास की महिलाओं ने उससे घटना की जानकारी ली. बच्ची ने महिलाओं को पूरी घटना बतायी. परिजनों के अनुसार उस समय बच्ची को काफी रक्तस्राव हो रहा था. बच्ची की हालत देखकर महिलाओं ने तत्काल उसकी मां और अन्य परिजनों को सूचना दी. इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए मॉडल सदर अस्पताल लेकर पहुंचे. बच्ची के पिता सब्जी मंडी में सब्जी बेचने का काम करते हैं और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे.

सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलने के बाद सदर थाना के महिला और पुरुष पुलिस पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे. पुलिस टीम ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और बच्ची की स्थिति के बारे में स्वास्थ्यकर्मियों से जानकारी प्राप्त की. पुलिस पदाधिकारियों ने अस्पताल प्रबंधन से बच्ची के इलाज में तत्परता बरतने का आग्रह किया. पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.

प्रभारी सदर एसडीपीओ बोले, जल्द होगी गिरफ्तारी

मौके पर पहुंचे प्रभारी सदर एसडीपीओ ओमप्रकाश ने बताया कि दुष्कर्म की घटना का मामला सामने आया है. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और संलिप्त आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी. उन्होंने बताया कि बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे मेडिकल कॉलेज मधेपुरा भेजा गया है.

इलाज को लेकर परिजनों ने उठाये सवाल

घटना के बीच मॉडल सदर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी परिजनों ने सवाल उठाये. उनका आरोप है कि गंभीर हालत में बच्ची को अस्पताल लाये जाने के बावजूद तत्काल विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं हो सकी. परिजनों के अनुसार अस्पताल में उस समय महिला चिकित्सक मौजूद नहीं थीं. नर्सिंग स्टाफ की ओर से प्राथमिक उपचार किया गया, जिसके बाद बच्ची को बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की प्रक्रिया शुरू की गयी. परिजनों का कहना है कि बच्ची दर्द से कराहती रही और उन्हें तत्काल विशेषज्ञ उपचार की जरूरत महसूस हुई.

महिला चिकित्सक की अनुपलब्धता पर उठे सवाल

यौन अपराध की पीड़ित बच्ची के इलाज के दौरान महिला चिकित्सक की अनुपलब्धता को लेकर भी सवाल उठाये गये हैं. परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे संवेदनशील मामलों में तत्काल चिकित्सा सहायता और आवश्यक विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध रहनी चाहिए. हालांकि, अस्पताल में इलाज की पूरी प्रक्रिया और चिकित्सकीय व्यवस्था को लेकर वास्तविक स्थिति संबंधित अधिकारियों की जांच और रिकॉर्ड से ही स्पष्ट हो सकेगी.

चिकित्सकीय जांच और कानूनी प्रक्रिया जारी

पुलिस के अनुसार बच्ची का चिकित्सकीय परीक्षण, बयान और अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रिया करायी जा रही है. मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पुलिस आरोपितों की पहचान और घटना में उनकी भूमिका की जांच के साथ आगे की कार्रवाई कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अंजन आर्यन सिंह

पत्रकारिता में 14 वर्षों का अनुभव. अब तक लगातार सहरसा से क्राइम और स्वास्थ्य की खबरें संकलित करता हूं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >