21 सितंबर से 4 अक्तूबर तक कई ट्रेनें रद्द और डायवर्ट, सहरसा-राजेंद्र नगर इंटरसिटी भी प्रभावित

राजेंद्र सेतु पर 21 सितंबर से 4 अक्टूबर तक मेगा ब्लॉक के कारण रेल यात्रियों को भारी असुविधा होगी. दिनकर ग्राम सिमरिया-बरौनी रेलखंड पर डबल लाइन जोड़ने के कार्य के चलते करीब 400 ट्रेनें प्रभावित होंगी. दैनिक यात्रियों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी यात्रा की योजना बनाने से पहले ट्रेन की स्थिति अवश्य जांच लें.

Rajendra Setu Mega Block: बिहार के रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी और जरूरी खबर है. दिनकर ग्राम सिमरिया-बरौनी रेलखंड पर नए रेल कनेक्शन और डबल लाइन से जोड़ने के कार्य के कारण 21 सितंबर से 4 अक्तूबर तक राजेंद्र सेतु पर मेगा ब्लॉक रहेगा. इस दौरान प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग का महत्वपूर्ण कार्य किया जाएगा, जिसके चलते राजेंद्र सेतु होकर गुजरने वाली बड़ी संख्या में ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा.

रेलवे के अनुसार इस अवधि में अलग-अलग तिथियों पर करीब 400 ट्रेनें रद्द, डायवर्ट, शॉर्ट टर्मिनेट या शॉर्ट ओरिजिनेट की जाएंगी. इसका असर सहरसा, बरौनी, पटना, समस्तीपुर, सोनपुर और उत्तर बिहार के कई प्रमुख रेल मार्गों पर देखने को मिलेगा.

क्यों लिया जा रहा है मेगा ब्लॉक

रेलवे अधिकारियों के अनुसार दिनकर ग्राम सिमरिया-बरौनी रेलखंड पर नए रेल कनेक्शन को डबल लाइन नेटवर्क से जोड़ने के लिए इंटरलॉकिंग से संबंधित तकनीकी कार्य किया जाएगा. यह कार्य रेल परिचालन की सुरक्षा और भविष्य में ट्रेनों की बेहतर आवाजाही के लिए आवश्यक है.

इसी कारण 21 सितंबर से 4 अक्तूबर तक चरणबद्ध तरीके से ब्लॉक लिया जाएगा और विभिन्न तिथियों पर अलग-अलग ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया जाएगा.

22 सितंबर को ये ट्रेनें रहेंगी रद्द

रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार 22 सितंबर को कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह रद्द रहेगा. इनमें सहरसा-राजेंद्र नगर इंटरसिटी एक्सप्रेस, राजेंद्र नगर-सहरसा इंटरसिटी एक्सप्रेस और कमला गंगा एक्सप्रेस शामिल हैं.

इसके अलावा 23 सितंबर से आगे भी अलग-अलग तिथियों पर कई अन्य ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा.

25 सितंबर को भी कई प्रमुख ट्रेनें नहीं चलेंगी

25 सितंबर को भी यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. इस दिन जनसेवा एक्सप्रेस, आसनसोल-गोरखपुर एक्सप्रेस, मैथिली एक्सप्रेस और रांची-गोरखपुर एक्सप्रेस का परिचालन रद्द रहेगा.

इन ट्रेनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को पहले से वैकल्पिक व्यवस्था करने की सलाह दी गई है.

कई ट्रेनें बदले हुए मार्ग से चलेंगी

मेगा ब्लॉक के दौरान कुछ ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह बंद नहीं होगा, बल्कि उन्हें बदले हुए मार्ग से चलाया जाएगा.

24 सितंबर को पटना-सहरसा इंटरसिटी एक्सप्रेस को सोनपुर स्टेशन पर ही शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा. वहीं कोसी एक्सप्रेस और राज्यरानी एक्सप्रेस को सोनपुर मार्ग से चलाए जाने की संभावना जताई गई है.

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि इंटरलॉकिंग कार्य की प्रगति के अनुसार कुछ और ट्रेनों के मार्ग में भी परिवर्तन किया जा सकता है.

Rajendra Setu Mega Block: यात्रियों पर क्या पड़ेगा असर

सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, खगड़िया, समस्तीपुर, बेगूसराय और पटना के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों पर इस मेगा ब्लॉक का सबसे अधिक प्रभाव पड़ सकता है.

विशेष रूप से दैनिक यात्रियों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति अवश्य जांचनी चाहिए.

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेन की अद्यतन स्थिति रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, एनटीईएस या रेलवे हेल्पलाइन के माध्यम से अवश्य प्राप्त करें, ताकि स्टेशन पहुंचने के बाद अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके.

Also Read: क्या मंत्री दीपक प्रकाश पूरे 5 साल पद पर बने रहेंगे? देवेश कुमार के इस्तीफे से टला संकट, लेकिन कहानी अभी खत्म नहीं हुई

Also Read: Akash Deep Mukesh Kumar DSP: ऐसा नहीं करने पर क्रिकेटर आकाशदीप और मुकेश की नौकरी पड़ सकती है खतरे में, जानिए क्या है शर्त


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दीपांकर श्रीवास्तव

दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >