Simri Bakhtiyarpur Railway Station Fight: सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा). पूर्व मध्य रेलवे के सहरसा-मानसी रेलखंड स्थित सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह टिकट काउंटर के पास रुपये निकाल लेने के शक में दो पक्षों के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे. घटना से स्टेशन परिसर में अफरातफरी मच गई और यात्रियों में दहशत फैल गयी.
टिकट कटाने के दौरान रुपये चोरी का हुआ शक
मिली जानकारी के अनुसार बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के सिटानाबाद उत्तरी वार्ड संख्या-6 निवासी कुछ मजदूर रोजी-रोटी के लिए बाहर जाने की तैयारी में शनिवार सुबह रेलवे स्टेशन पहुंचे थे. सभी टिकट काउंटर पर लाइन में खड़े थे. इसी दौरान एक मजदूर को शक हुआ कि उसकी जेब से किसी ने रुपये निकाल लिए हैं. शक के आधार पर मजदूरों ने एक युवक को पकड़ लिया. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई और मामला मारपीट तक पहुंच गया.
स्टेशन परिसर में मची अफरातफरी
विवाद बढ़ते ही दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला करने लगे. घटना के दौरान स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों में अफरातफरी मच गई. कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया.
तीन मजदूर घायल, अस्पताल में भर्ती
मारपीट में सिटानाबाद उत्तरी निवासी राधेश्याम सादा, धीरज सादा और सुशील सादा घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल, सिमरी बख्तियारपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड कर लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों से मारपीट होती दिखाई दे रही है, जबकि एक सुरक्षाकर्मी दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास करता नजर आ रहा है. हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
पुलिस ने कहा- आवेदन मिलने पर होगी कार्रवाई
Simri Bakhtiyarpur Railway Station Fight: मानसी रेल थाना के थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की औपचारिक सूचना अब तक प्राप्त नहीं हुई है. आवेदन मिलने अथवा मामले की जानकारी मिलने पर जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई की जायेगी.
