सहरसा से विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट Saharsa News : बंगाली बाजार सब्जी मंडी एवं प्रशांत रोड मुख्य मार्ग में अवैध तरीके से अतिक्रमणकारियों के खिलाफ रेल प्रशासन ने सोमवार को बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की. इस मौके पर नगर निगम सहित जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे. इसको लेकर कहरा के राजस्व पदाधिकारी अमृत राज ने बताया कि सब्जी मंडी, प्रशांत रोड एवं बंगाली बाजार सहित इसके आसपास अन्य रेलवे के जमीन पर अवैध तरीके से कब्जा करने वाले लोगों के खिलाफ बुलडोजर अभियान चलाया गया है. उन्होंने कहा कि रेलवे की जमीन पर गलत तरीके से रह रहे लोगों पर दंडात्मक कार्रवाई आगे भी की जायेगी. उन्होंने कहा कि इस दौरान लगभग तीन सौ से अधिक अवैध अतिक्रमण हटाया गया है. इस दौरान सब्जी मंडी के कई विक्रेताओं ने इसका विरोध भी किया. उन्होंने कहा कि पहले नाला को हटाया जाय. लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि अवैध तरीके से सड़क पर सब्जी की बिक्री की जाती है. इसको लेकर दुकानदारों ने भी आश्वासन दिया कि वे लोग सड़क पर अपनी दुकान नहीं लगायेंगे. इसके बाद विरोध का मामला शांत हो सका, लेकिन रेलवे अधिकारियों की निगरानी में बुलडोजर के सहारे अवैध निर्माण को हटा दिया गया. साथ ही सख्त चेतावनी देते फिर से अतिक्रमण करने पर कार्रवाई की बात कही. अवैध अतिक्रमण हटाने को लेकर पूर्व में ही रेलवे ने नोटिस जारी कर दिया था. जिससे कुछ अवैध अतिक्रमाणकारियों ने जगह खाली कर दी थी, जो थोड़े अतिक्रमाणकारी बचे थे, उसे खाली कराया गया. अतिक्रमण हटाने से स्टेशन जाने वाली यह मुख्य सड़क सोमवार को काफी चौड़ी दिखने लगी, जिससे लोगों को आवागमन में सुविधा मिली. मालूम हो कि बंगाली बाजार रेलवे ढाला पर रेल ओवरब्रिज का निर्माण चल रहा है. जिससे शंकर चौक, दहलान चौक का रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध है. बंगाली बाजार सब्जी मंडी का ही एक रास्ता है, जिससे लोग सफर करते हैं. इस रास्ते छोटे एवं बड़े वाहन के गुजरने से जाम की स्थिति रहती है. सब्जी मंडी सड़क पर ही लगने से जाम की समस्या गंभीर हो जाती है. इसे देखते की गयी कार्रवाई से आम लोग खुश नजर आ रहे थे. मौके पर नगर निगम उपायुक्त शाहिद रजा, आरपीएफ इंस्पेक्टर धनंजय कुमार यादव, सहायक मंडल इंजीनियर बीके विभूति, आइओडब्ल्यू मनोज कुमार सहित रेलवे के अधिकारी व बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद थे.
Saharsa News बंगाली बाजार व प्रशांत रोड में गरजा रेलवे का बुलडोजर
बंगाली बाजार सब्जी मंडी एवं प्रशांत रोड मुख्य मार्ग में अवैध तरीके से अतिक्रमणकारियों के खिलाफ रेल प्रशासन ने सोमवार को बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की.
