Saharsa सोलर ऊर्जा से सशक्त बनें उपभोक्ता, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का उठायें लाभ

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है.

सहरसा से विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट Saharsa News : प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है. इस योजना के तहत उपभोक्ता अपनी छतों पर सोलर पैनल स्थापित कर प्रतिमाह लगभग 300 यूनिट तक निशुल्क बिजली का लाभ प्राप्त कर सकते हैं. यह बातें विद्युत कार्यपालक अभियंता अमित कुमार ने कही. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा इस योजना में आकर्षक सब्सिडी प्रदान की जा रही है, जिससे सोलर पैनल स्थापना की लागत कम होकर आम लोगों की पहुंच में आ रही है. उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठायें एवं स्वच्छ ऊर्जा को अपनाकर पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दें. सौर ऊर्जा को आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते उन्होंने इसके अधिकाधिक उपयोग पर बल दिया. उन्होंने कहा कि एपीएल उपभोक्ताओं के लिए प्रति किलोवाट सोलर स्थापना की लागत लगभग 70 हजार रूपये की आती है. जिस पर सरकार द्वारा 30 हजार रुपये प्रति किलोवाट तक की सब्सिडी प्रदान की जाती है. दो किलोवाट पर 60 हजार रुपये एवं तीन किलोवाट या उससे अधिक पर 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है. उन्होंने बताया कि सोलर ऊर्जा अपनाने से उपभोक्ताओं को बिजली बिल में कमी, ऊर्जा आत्मनिर्भरता, कम रख रखाव एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे अनेक लाभ प्राप्त होते हैं. सोलर पैनल की आयु लगभग 25 वर्ष होती है एवं लगभग पांच वर्षों में इसकी लागत की भरपाई संभव है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By MD. TAZIM

MD. TAZIM is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >