Purnia Saharsa Rail: पूर्णिया-सहरसा रेलखंड पर एक्सप्रेस ट्रेनों की रफ्तार मौजूदा 100 किलोमीटर प्रति घंटे से बढ़ाकर 130 किलोमीटर प्रति घंटा करने की योजना है. समस्तीपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक ज्योतिष प्रकाश मिश्रा ने जानकीनगर स्टेशन निरीक्षण के दौरान यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि तेज रफ्तार ट्रेन संचालन के लिए रेलवे ट्रैक को और मजबूत किया जा रहा है. ट्रैक अपग्रेडेशन का काम जारी है ताकि आने वाले समय में यात्रियों को तेज, सुरक्षित और बेहतर सफर मिल सके.
जानकीनगर स्टेशन पर भी बढ़ेंगी सुविधाएं
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने जानकीनगर स्टेशन पर निर्भया योजना के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की स्थिति देखी. इसके साथ ही प्लेटफॉर्म पर बन रहे वेटिंग रूम के काम की भी समीक्षा की गई. रेलवे अधिकारियों ने कहा कि वेटिंग रूम का काम जल्द पूरा कर लिया जाएगा ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके.
इसके अलावा टिकट बुकिंग काउंटर पर यूटीएस और पीआरएस सुविधा भी फिर से शुरू करने की तैयारी है, जिससे स्थानीय यात्रियों को टिकट लेने में आसानी होगी.
पूर्णिया कोर्ट से आनंद विहार ट्रेन अब कम समय में पहुंचाएगी दिल्ली
पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्णिया कोर्ट-आनंद विहार स्पेशल ट्रेन की समय सारणी में बड़ा बदलाव किया है. अब यह ट्रेन पहले के मुकाबले 2 घंटे 30 मिनट कम समय लेगी. पहले यह सफर 32 घंटे 30 मिनट में पूरा होता था, लेकिन नई व्यवस्था के बाद यह दूरी सिर्फ 30 घंटे में पूरी होगी.
15 मई 2026 से गाड़ी संख्या 05579 पूर्णिया कोर्ट-आनंद विहार स्पेशल प्रत्येक शुक्रवार और रविवार को शाम 4:30 बजे की जगह शाम 7 बजे खुलेगी और तीसरे दिन रात 1:05 बजे आनंद विहार पहुंचेगी.
वापसी में 05580 आनंद विहार-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल अब पहले से जल्दी पहुंचेगी और दोपहर 1:45 बजे की जगह सुबह 11:30 बजे पूर्णिया कोर्ट पहुंचेगी.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
सहरसा-आनंद विहार स्पेशल का सफर भी होगा तेज
सहरसा से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को भी राहत मिली है. 19 मई 2026 से गाड़ी संख्या 05575 सहरसा-आनंद विहार स्पेशल अब रात 9 बजे की जगह रात 8 बजे खुलेगी. इससे यह ट्रेन पहले से एक घंटा कम समय लेगी और यात्रियों को दिल्ली जल्दी पहुंचने में मदद मिलेगी.
वापसी में 05576 आनंद विहार-सहरसा स्पेशल भी समय से पहले पहुंचेगी. अब यह ट्रेन सुबह 10:30 बजे की जगह सुबह 9:05 बजे सहरसा पहुंचेगी.
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक इन बदलावों से कोसी और सीमांचल क्षेत्र के लाखों यात्रियों को बड़ा फायदा होगा. दिल्ली जाने वाले लोगों का समय बचेगा, सफर ज्यादा आरामदायक होगा और क्षेत्र की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी. तेज रफ्तार ट्रेन और बेहतर समय सारणी से इस पूरे इलाके के रेल यात्रियों को आने वाले दिनों में बड़ी राहत मिलने वाली है.
इसे भी पढ़ें: बाहर SBI का बोर्ड, अंदर चल रही थी बाल-दाढ़ी कटाई, पटना का यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल
