प्रिंस को नारकोटिक्स तो रेंजर को बम स्क्वॉड की कमान समस्तीपुर रेल मंडल में डॉग स्क्वॉड मजबूत, तीन नये स्वान दस्ता में शामिल सहरसा जंक्शन पहुंची डॉग स्क्वाड टीम प्रभात खबर खास सहरसा. सहरसा जंक्शन सहित समस्तीपुर रेल मंडल में यात्रियों की सुरक्षा अब और सुदृढ़ होगी. रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के स्वान दस्ते को मजबूत करते हुए हाल ही में तीन नये प्रशिक्षित डॉग को शामिल किया गया है. ये तीनों डॉग अलग-अलग तरह के अपराधों पर कार्रवाई के लिए विशेष रूप से तैयार किए गये हैं. आरपीएफ सूत्रों के अनुसार शामिल किए गये तीनों डॉग बेल्जियम शेफर्ड प्रजाति के हैं. जिन्हें विशेष प्रशिक्षण के बाद समस्तीपुर रेल मंडल भेजा गया है. जनवरी माह में दिल्ली में आयोजित विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में इन्हें तैयार किया गया. साथ ही डॉग को हैंडल करने वाले जवानों को भी बाकायदा प्रशिक्षित किया गया है, ताकि ऑपरेशन के दौरान बेहतर समन्वय हो सके. तीनों डॉग की अलग-अलग जिम्मेदारी समस्तीपुर रेल मंडल को मिले इन तीन डॉग के नाम प्रिंस, टाइगर और रेंजर रखे गये हैं. टाइगर को मानव तस्करी के मामलों पर कार्रवाई के लिए प्रशिक्षित किया गया है. स्टेशन और ट्रेनों में संदिग्ध गतिविधियों को यह तेजी से पहचान कर तस्करों को पकड़ने में सक्षम होगा. प्रिंस को मादक पदार्थों की तस्करी रोकने की जिम्मेदारी सौंपी गयी है. अफीम, गांजा जैसे नशीले पदार्थों की गंध पहचानने में यह दक्ष है. रेंजर को बम स्क्वॉड की कमान दी गयी है. प्लेटफॉर्म, ट्रेन या अन्य परिसरों में विस्फोटक संबंधी सूचना मिलने पर यह कुछ ही मिनटों में तलाशी अभियान चलाने में सक्षम है. आरपीएफ अधिकारियों का कहना है कि डॉग स्क्वॉड के सक्रिय होने से स्टेशन परिसरों और ट्रेनों में अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगेगा. यात्रियों की सुरक्षा को लेकर मंडल प्रशासन सतर्क है और समय-समय पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है. नये स्वान दस्ते के तैनात होने के बाद अब समस्तीपुर रेल मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर इनकी नियमित गश्त भी शुरू हो गयी है, जिससे यात्रियों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है. डॉग स्क्वॉड के साथ तीन सदस्य टीम तैयार आगामी होली त्योहार के मद्देनजर रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट सहरसा द्वारा पोस्ट कमांडर धनंजय कुमार के नेतृत्व में डॉग स्क्वॉड के साथ सघन जांच की जा रही है. ताकि सुरक्षात्मक दृष्टिकोण से किसी भी यात्री या व्यक्ति के द्वारा कोई भी विस्फोटक, नारकोटिक्स या शराब के साथ यात्रा कर रहा हो तो उसकी गिरफ्तारी व सभी आवश्यक कार्रवाई की जा सके. इस बाबत पोस्ट स्तर पर एक टीम गठित की गयी है. पोस्ट कमांडर धनंजय कुमार के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक महेश कुमार सिंह तथा आरक्षी निखिल कुमार इसमें शामिल हैं.
बेल्जियम शेफर्ड प्रजाति के प्रिंस, टाइगर और रेंजर रोकेगा मानव तस्करी और मादक पदार्थ
प्रिंस, टाइगर और रेंजर रोकेगा मानव तस्करी और मादक पदार्थ
