SAHARSA NEWS : पंचायत में कचरा प्रबंधन की नयी पहल, डंपिंग से बनेगा जैविक खाद
बनमा ईटहरी, सहरसा से आशीष कुमार की रिपोर्ट :
पंचायत स्तर पर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए कचरा प्रबंधन की एक सराहनीय पहल शुरू की गयी है. अब घर-घर से एकत्रित कचरे को अलग-अलग छांटकर डंपिंग स्थल पर व्यवस्थित किया जा रहा है, जिससे जैविक कचरे से खाद तैयार किया जायेगा. इस प्रक्रिया में सफाई कर्मी प्लास्टिक, कागज और जैविक कचरे को अलग-अलग कर रहे हैं. जैविक कचरे को सड़ाकर प्राकृतिक खाद बनाया जायेगा, जिसका उपयोग खेती और बागवानी में किया जायेगा. इससे न सिर्फ गांव साफ-सुथरा रहेगा, बल्कि किसानों को सस्ता और प्राकृतिक खाद भी उपलब्ध होगा. इटहरी पंचायत के मुखिया पवन यादव ने बताया कि यह पहल स्वच्छ गांव-स्वस्थ जीवन की दिशा में एक बड़ा कदम है. स्थानीय लोगों से भी अपील की गयी है कि वे कचरे को घर पर ही अलग-अलग करके दें, ताकि इस योजना को सफल बनाया जा सके.