Saharsa News: सहरसा पुलिस ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि तकनीक और सतर्क कार्रवाई के जरिए गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन वापस मिल सकते हैं. बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान अभियान के फेज-09 में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से 103 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक धारकों को वापस सौंप दिए गए. इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत 19 लाख 24 हजार 531 रुपये आंकी गई है.
मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों के चेहरों पर जो खुशी दिखी, वही इस अभियान की सबसे बड़ी सफलता मानी जा रही है. कई लोगों ने उम्मीद छोड़ दी थी कि उनका मोबाइल कभी वापस मिलेगा, लेकिन तकनीकी जांच और सीईआईआर पोर्टल की मदद से पुलिस ने उन्हें उनकी खोई हुई संपत्ति वापस दिला दी.
केवल मोबाइल ही नहीं, महिला का पर्स और जेवरात भी मिले
ऑपरेशन मुस्कान के दौरान एक महिला का खोया हुआ पर्स भी बरामद किया गया. पर्स में मोबाइल फोन, लाखों रुपये मूल्य के जेवरात और नगद राशि रखी हुई थी.
महिला ने संबंधित थाना में सनहा दर्ज कराया था. इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच और सक्रिय कार्रवाई के आधार पर पर्स का पता लगाया और उसके अंदर मौजूद सभी सामान के साथ सुरक्षित बरामद कर लिया. अपना सामान वापस मिलने पर महिला ने सहरसा पुलिस का आभार व्यक्त किया.
सीईआईआर पोर्टल से मिली बड़ी मदद
सहरसा पुलिस के अनुसार ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन की ट्रैकिंग सीईआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल के माध्यम से की जाती है.
तकनीकी अनुसंधान के बाद जब मोबाइल का सत्यापन हो जाता है, तब उसे उसके वास्तविक मालिक को वापस सौंप दिया जाता है. पुलिस का कहना है कि इस पोर्टल के कारण मोबाइल की ट्रैकिंग पहले की तुलना में अधिक प्रभावी हुई है.
फेज-01 से फेज-09 तक 528 मोबाइल बरामद
ऑपरेशन मुस्कान के अब तक के आंकड़े अभियान की लगातार सफलता को दर्शाते हैं. फेज-01 से फेज-09 तक कुल 528 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक धारकों को लौटाए जा चुके हैं.
इन मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत 91 लाख 09 हजार 454 रुपये बताई गई है. फेजवार उपलब्धियों पर नजर डालें तो फेज-01 में 70, फेज-02 में 42, फेज-03 में 40, फेज-04 में 42, फेज-05 में 51, फेज-06 में 43, फेज-07 में 64, फेज-08 में 73 और फेज-09 में सर्वाधिक 103 मोबाइल फोन बरामद किए गए.
एसपी ने अपने हाथों से लौटाए मोबाइल
पुलिस केंद्र, सहरसा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग ने बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को सौंपे.
लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने सहरसा पुलिस के प्रयासों की सराहना की और आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम में सदर एसडीपीओ आलोक कुमार, मुख्यालय डीएसपी धीरेंद्र पांडे सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे.
इन पुलिस अधिकारियों ने निभाई अहम भूमिका
ऑपरेशन मुस्कान फेज-09 को सफल बनाने में कई पुलिस अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
बलवाहाट थाना के अपर थानाध्यक्ष अमित कुमार रजक ने सर्वाधिक 24 मोबाइल फोन बरामद किए. बसनही थाना के अपर थानाध्यक्ष रोशन कुमार रजक ने 20 मोबाइल, सिमरी बख्तियारपुर थाना के अपर थानाध्यक्ष प्रभात कुमार ने 16 मोबाइल, सोनवर्षाराज थाना के अपर थानाध्यक्ष सुमन कुमार सुमन ने 14 मोबाइल और महिषी थाना के अपर थानाध्यक्ष शिवम सिंह ने 10 मोबाइल फोन बरामद कर अभियान को बड़ी सफलता दिलाई.
Saharsa News: मोबाइल गुम होने पर तुरंत करें यह काम
सहरसा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उनका मोबाइल गुम हो जाए या चोरी हो जाए, तो तुरंत सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर मोबाइल को ब्लॉक कराएं.
पुलिस के अनुसार समय पर शिकायत दर्ज होने से मोबाइल की ट्रैकिंग और बरामदगी की संभावना काफी बढ़ जाती है. साथ ही मोबाइल का दुरुपयोग होने से भी बचाव संभव होता है.
ऑपरेशन मुस्कान फेज-09 की यह सफलता न केवल पुलिस की तकनीकी क्षमता को दर्शाती है, बल्कि आम लोगों में यह भरोसा भी मजबूत करती है कि समय पर शिकायत और सक्रिय पुलिस कार्रवाई से खोई हुई संपत्ति वापस मिल सकती है.
Also Read: Bihar Student Protest: जेल से बाहर आए तेज प्रताप यादव, सरकार के आदेश के बाद मिली जमानत
