हत्या का प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट एवं मद्यनिषेध अधिनियम से संबंधित मामले हैं दर्ज सहरसा. जिला पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. 25 हजार रुपया का इनामी कुख्यात अपराधी राहुल सिंह को विशेष टीम ने गिरफ्तार कर लिया है. हत्या के प्रयास समेत एक दर्जन से अधिक गंभीर मामलों में वांछित आरोपी की गिरफ्तारी से पुलिस को बहुत बड़ी कामयाबी मिली है. गिरफ्तारी को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते एसपी हिमांशु ने बताया कि उनके सख्त निर्देश एवं सतत निगरानी में जिले में अपराध नियंत्रण, कुख्यात फरार व वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी व लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में महिषी थाना में 9 अक्तूबर 2025 को दर्ज हत्या के प्रयास से संबंधित मामले में कार्रवाई की गयी. उन्होंने बताया कि प्राप्त शिकायत के अनुसार अभियुक्त एवं उसके सहयोगियों द्वारा वादी के घर पहुंचकर मारपीट, फायरिंग व जान से मारने की धमकी दी गयी थी. घटना के बाद से अभियुक्त लगातार फरार चल रहा था व गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार अपना ठिकाना बदल रहा था. मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें जिला आसूचना इकाई व महिषी थाना पुलिस को शामिल किया गया. गठित टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण एवं मानवीय आसूचना संकलन के आधार पर योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए सोमवार को 25 हजार रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी महिषी थाना क्षेत्र के महपुरा गांव निवासी भूषण सिंह के पुत्र राहुल सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार अभियुक्त हत्या के प्रयास एवं मद्यनिषेध से संबंधित मामलों में वांछित था. उससे पूछताछ के बाद विधि-सम्मत कार्रवाई की गयी है. एसपी ने बताया कि राहुल सिंह के विरुद्ध सहरसा जिला अंतर्गत एक दर्जन से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं. जिसमें हत्या का प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट एवं मद्यनिषेध अधिनियम से संबंधित मामले शामिल हैं. वर्ष 2008 से अब तक उसके खिलाफ महिषी थाना एवं सहरसा मद्यनिषेध थाना में कई मामले दर्ज हैं. कार्रवाई में सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आलोक कुमार, पुलिस उपाधीक्षक सह साइबर थानाध्यक्ष अजीत कुमार, महिषी थानाध्यक्ष जयशंकर कुमार, पुअनि रंजीत मंडल, जिला आसूचना इकाई के पुलिस पदाधिकारी व कर्मी सहित महिषी थाना के सशस्त्र बल शामिल थे.
एक दर्जन से अधिक मामलों का वांछित 25 हजार का इनामी कुख्यात राहुल सिंह गिरफ्तार
25 हजार का इनामी कुख्यात राहुल सिंह गिरफ्तार
