सहरसा में बंगाली बाजार रेलवे फाटक हमेशा के लिए होगा बंद, पहले बनेगी नई सड़क, फिर बदलेगी पूरे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था

Saharsa News: सहरसा में बंगाली बाजार रेलवे फाटक संख्या-31 जल्द बंद होने वाला है, जिससे वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा. इसके स्थान पर प्रशांत सिनेमा के सामने 110 मीटर लंबी नई सड़क बनेगी, जो सीधे एप्रोच रोड से जुड़ेगी.

Saharsa News: सहरसा शहर के सबसे व्यस्त रेलवे फाटकों में शामिल बंगाली बाजार रेलवे फाटक संख्या-31 अब इतिहास बनने की ओर है. रेलवे यार्ड रीमॉडलिंग परियोजना के पहले चरण में नई एप्रोच रोड लगभग तैयार हो चुकी है और निर्माण एजेंसी इसे रेलवे के हवाले भी कर चुकी है. अब रेलवे जल्द इस सड़क को चालू करने की तैयारी में है. इसके शुरू होते ही बंगाली बाजार रेलवे फाटक संख्या-31 को स्थायी रूप से बंद कर दिया जाएगा.

रेलवे और जिला प्रशासन का दावा है कि यह बदलाव केवल एक फाटक बंद करने तक सीमित नहीं रहेगा. इसके साथ शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह बदल जाएगी. नई सड़क, बैरिकेडिंग और नया रेलवे फाटक शहरवासियों को जाम से राहत देने के साथ सुरक्षित और सुगम आवागमन का विकल्प उपलब्ध कराएंगे.

क्यों बंद किया जा रहा है बंगाली बाजार रेलवे फाटक?

सहरसा रेलवे यार्ड रीमॉडलिंग परियोजना के तहत रेलवे स्टेशन और यार्ड का आधुनिकीकरण किया जा रहा है. इसी योजना के अंतर्गत बंगाली बाजार से थाना चौक को जोड़ने वाली नई एप्रोच रोड बनाई गई है.

रेलवे अधिकारियों के अनुसार एप्रोच रोड तैयार होने के बाद पुराने रेलवे फाटक संख्या-31 की आवश्यकता नहीं रहेगी. इसके स्थान पर नई यातायात व्यवस्था लागू की जाएगी, जिससे सड़क और रेल दोनों का संचालन अधिक व्यवस्थित हो सके.

प्रशांत सिनेमा के सामने बनेगी नई सड़क

नई योजना के तहत प्रशांत सिनेमा के सामने से पश्चिम दिशा तक करीब 110 मीटर लंबी और 11 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण किया जाएगा.

यह सड़क सीधे नई एप्रोच रोड से जुड़ेगी. सड़क के साथ रेलवे ट्रैक के किनारे सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग भी की जाएगी, ताकि लोगों की आवाजाही सुरक्षित बनी रहे.

रेलवे निर्माण विभाग के अनुसार सड़क निर्माण का कार्य एएस बिल्डर्स द्वारा कराया जाएगा.

रेलवे और जिला प्रशासन ने किया संयुक्त निरीक्षण

मंगलवार को बंगाली बाजार रेलवे फाटक बंद करने से पहले वैकल्पिक यातायात व्यवस्था का जायजा लेने के लिए रेलवे और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची.

निरीक्षण के दौरान सदर एसडीओ श्रेयांश तिवारी, सदर डीएसपी आलोक कुमार, एडीएम निशांत कुमार, ट्रैफिक डीएसपी, समस्तीपुर रेल मंडल के सीनियर डीईएन-3 रविंद्र राज, सहायक मंडल अभियंता डीके विभूति, आईओडब्ल्यू मनोज कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे.

अधिकारियों ने विधि-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और सड़क निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए.

युद्ध स्तर पर चल रहा है रेलवे यार्ड रीमॉडलिंग

सहरसा में रेलवे यार्ड रीमॉडलिंग परियोजना का काम तेजी से चल रहा है. हालांकि लगातार हो रही बारिश के कारण निर्माण कार्य की रफ्तार कुछ प्रभावित हुई है.

परियोजना के पहले चरण में नए प्लेटफॉर्म, नई रेल लाइन, एप्रोच रोड और बंगाली बाजार रेलवे फाटक संख्या-31 को लगभग 212 मीटर आगे स्थानांतरित करने की योजना पर भी काम जारी है.

रेलवे अधिकारियों के अनुसार बंगाली बाजार से गंगजला चौक तक बनने वाली एप्रोच रोड का निर्माण पूरा हो चुका है और इसे गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है.

नई ट्रैफिक व्यवस्था कैसे करेगी काम?

नई सड़क बनने के बाद बंगाली बाजार से गंगजला चौक तक बनी 588 मीटर लंबी एप्रोच रोड पूर्व दिशा में यू-टर्न लेकर नए रेलवे फाटक से जुड़ेगी.

वहीं पश्चिम दिशा में नया टी-प्वाइंट विकसित किया जाएगा. इससे वाहन चालक सीधे नई सड़क का उपयोग कर सकेंगे और शहर के भीतर ट्रैफिक का दबाव कम होगा.

अभी क्यों लगती है लंबी जाम?

फिलहाल मानसी और मधेपुरा की ओर से आने वाली ट्रेनों के स्टेशन पहुंचने से पहले ही बंगाली बाजार रेलवे फाटक बंद कर दिया जाता है.

ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर आने और इंजन के रिवर्स होने तक फाटक करीब 15 से 20 मिनट बंद रहता है. इस दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है और लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है.

नई एप्रोच रोड शुरू होने के बाद इस समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है.

Saharsa News: शहरवासियों को क्या मिलेगा फायदा?

नई व्यवस्था लागू होने के बाद बंगाली बाजार रेलवे फाटक पर लगने वाला जाम कम होगा. मानसी और मधेपुरा की ओर से आने वाली ट्रेनों के कारण सड़क यातायात बार-बार बाधित नहीं होगा. बंगाली बाजार, थाना चौक और गंगजला चौक के बीच आवागमन अधिक सुगम होगा. साथ ही शहर में ट्रैफिक दबाव कम होने से लोगों का समय भी बचेगा और यात्रा अधिक सुरक्षित होगी.

Also Read: NEET प्रदर्शनकारियों पर बड़ा फैसला, बिहार सरकार वापस लेगी दर्ज FIR, जल्द होंगे रिहा

Also Read: पटना पहुंची नेहा बोरा ने सरकार को दिया अल्टीमेटम, बोलीं- 29 जुलाई तक रिहा करो नहीं तो 30 को होगा आंदोलन, देखिए VIDEO


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दीपांकर श्रीवास्तव

दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >