Saharsa News: सहरसा, स्थानीय सर्व नारायण सिंह राम कुमार सिंह कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स ने आधुनिक ड्रोन तकनीक में प्रशिक्षण प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है. कॉलेज के कैडेट उज्जवल कुमार एवं आशीर्वाद कुमार सिंह ने बरौनी में आयोजित बीडीटीसी-बी ड्रोन ट्रेनिंग कोर्स सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद कॉलेज लौटने पर सम्मानित किया गया.
10 दिवसीय प्रशिक्षण में सीखी आधुनिक ड्रोन तकनीक
एक जुलाई से 10 जुलाई तक आयोजित इस विशेष प्रशिक्षण शिविर में कैडेट्स को ड्रोन संचालन, सुरक्षा मानकों, तकनीकी पहलुओं और आधुनिक ड्रोन तकनीक का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया. प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को नई तकनीक से जोड़ना और आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न क्षेत्रों में उनकी क्षमता विकसित करना था.
प्राचार्य और एनसीसी अधिकारी ने दी बधाई
दोनों कैडेट्स की उपलब्धि पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनंत कुमार सिंह एवं एनसीसी सीटीओ डॉ. गोपाल कुमार ने उन्हें सम्मानित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं. प्राचार्य ने कहा कि छात्रों का ऐसे उन्नत तकनीकी प्रशिक्षण में भाग लेना कॉलेज के लिए गर्व की बात है. वहीं डॉ. गोपाल कुमार ने दोनों कैडेट्स की अनुशासनप्रियता, मेहनत और सीखने की लगन की सराहना की.
आपदा प्रबंधन और सीमा सुरक्षा में ड्रोन के उपयोग की मिली जानकारी
प्रशिक्षण से लौटे कैडेट उज्जवल कुमार ने बताया कि यह कोर्स केवल ड्रोन उड़ाने तक सीमित नहीं था, बल्कि भविष्य की चुनौतियों से निपटने की तैयारी भी थी. प्रशिक्षण के दौरान आपदा प्रबंधन, बाढ़ राहत, आपातकालीन परिस्थितियों में राहत सामग्री पहुंचाने तथा सीमा सुरक्षा में निगरानी के लिए ड्रोन के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी गई.
कोडिंग, एयर मैपिंग और सुरक्षित लैंडिंग का भी मिला प्रशिक्षण
कैडेट आशीर्वाद कुमार सिंह ने बताया कि शिविर में ड्रोन संचालन के साथ-साथ उसकी कोडिंग, एयर मैपिंग, एयरस्पेस गाइडलाइंस और प्रतिकूल मौसम में सुरक्षित लैंडिंग जैसी तकनीकी बारीकियां भी सिखाई गईं. उन्होंने कहा कि सैन्य अनुशासन और आधुनिक तकनीक के समन्वय ने उनके आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा के संकल्प को और मजबूत किया है.
Saharsa News: कॉलेज परिवार ने जताई खुशी
कॉलेज परिवार ने दोनों कैडेट्स की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे संस्थान और सहरसा जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया.
Also Read: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगा गंगाजल: 15 करोड़ की लागत से बिछेगी पाइपलाइन, अगले महीने होगा काम
