SAHARSA NEWS : एनएच 107 विस्तारीकरण निर्माण कार्य की रफ्तार धीमी, जोखिम भरा साबित हो रहा आवागमन
एनएच 107 विस्तारीकरण निर्माण कार्य में पेट्री कांट्रेक्टर की धीमी रफ्तार आम लोगों के लिए दिन ब दिन परेशानी का सबब बनता जा रहा है.
सोनवर्षाराज, सहरसा से अमित राठौड़ की रिपोर्ट : एनएच 107 विस्तारीकरण निर्माण कार्य में पेट्री कांट्रेक्टर की धीमी रफ्तार आम लोगों के लिए दिन ब दिन परेशानी का सबब बनता जा रहा है. निर्माण कार्य अधूरा रहने और सड़क की खराब स्थिति के कारण राहगीरों, वाहन चालकों व स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. खासकर सोनवर्षाराज-सिमरी बख्तियारपुर मुख्य मार्ग में मनोरी चौक स्थित लिंक रोड, ओवरब्रिज का अंडरपास सड़क व सोनवर्षाराज-माली मुख्य मार्ग में देहद मोड़ के समीप जर्जर सड़क से आवागमन लोगों के लिए जोखिम भरा साबित हो रहा है. शुक्रवार को मनोरी चौक स्थित ओवरब्रिज के अंडरपास सड़क से गुजरने के दौरान सब्जी लदा एक ऑटो असंतुलित होकर पलट गया. हालांकि इस हादसे में चालक बाल-बाल बच गया. स्थानीय लोगों की मदद से कीचड़मय सड़क के गड्ढे में पलटे ऑटो को बाहर निकाला गया. स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क पर बने गड्ढों, कीचड़ और ऊबड़-खाबड़ रास्ते के कारण आये दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं.
थोड़ी सी बारिश ने उजागर कर दी बदहाली
माॅनसून पूर्व हुई बारिश ने एक बार फिर बीते वर्षो की तरह इस वर्ष भी मनोरी चौक स्थित लिंक रोड की बदहाली उजागर कर दी है. बीते दिनों की बारिश से लिंक सड़क कीचड़मय व दलदल हो गया है. जगह-जगह जलजमाव और फिसलन के कारण दो पहिया व तीन पहिया वाहन चालकों, पैदल यात्रियों के अलावा स्कूली बच्चों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य की रफ्तार तेज नहीं की गयी या फिर जल्द लिंक सड़क की समुचित मरम्मत नहीं हुई तो बरसात के दिनों में स्थिति और भयावह हो सकती है.
लिंक सड़क के दुरुस्त नहीं रहने से मुख्य बाजार में जाम की स्थिति
मनोरी से सिमरी बख्तियारपुर जाने वाली मुख्य मार्ग में ओवरब्रिज निर्माण कार्य पूरा नही होने व लिंक सड़क के दुरुस्त नही रहने से मुख्य बाजार में दिन भर जाम की स्थिति उत्पन्न होती रहती है. इतना ही नही बारिश से लिंक सड़क के कीचड़मय होने की स्थिति में सिमरी बख्तियारपुर जाने के लिए लोगों को सुगमा पुल होकर जाने में लंबा चक्कर काटना पड़ता है. ऐसे में उक्त मार्ग से भारी वाहन सहित अन्य वाहनों के लगातार आवाजाही से स्कूली टाइम में जाम की स्थिति में स्कूली बस व छोटे वाहनों के जाम में फंसने से बच्चों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.