एमडीएम कांड : एनजीओ संचालक समेत 11 पर प्राथमिकी

घटना के बाद स्कूल में घटी बच्चों की उपस्थिति

घटना के बाद स्कूल में घटी बच्चों की उपस्थिति महिषी. मध्य विद्यालय बलुआहा में मध्याह्न भोजन खाने से करीब ढाई सौ बच्चों की तबीयत बिगड़ने के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. जिला शिक्षा पदाधिकारी के निर्देश पर बीडीओ सह बीईओ भरत कुमार सिंह ने शुक्रवार को महिषी थाना में एनजीओ संचालक अनूप मिश्र, भोजन निर्माण में शामिल नौ रसोइयों, विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका अनुपमा कुमारी एवं एक अन्य शिक्षक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है. गुरुवार को विद्यालय में एमडीएम खाने के बाद बड़ी संख्या में बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गयी थी. बच्चों को उल्टी, पेट दर्द, चक्कर और बेचैनी की शिकायत होने लगी. घटना के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गयी. कई अभिभावक बच्चों को लेकर सीधे महिषी पीएचसी पहुंचे, जबकि गंभीर स्थिति वाले बच्चों को सदर अस्पताल रेफर किया गया. सूचना मिलते ही प्रशासनिक व स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने में जुट गयी. घटना के बाद अभिभावकों में भारी आक्रोश देखा गया. ग्रामीणों ने भोजन की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. हालांकि प्राथमिकी में प्रखंड मध्यान्ह भोजन प्रभारी को शामिल नहीं किये जाने को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि भोजन निर्माण की जिम्मेदारी एनजीओ के पास थी, ऐसे में केवल विद्यालय शिक्षकों पर कार्रवाई करना उचित नहीं है. इधर घटना के अगले दिन विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति काफी कम रही. जहां गुरुवार को पांच सौ से अधिक बच्चे स्कूल पहुंचे थे, वहीं शुक्रवार को मात्र 97 बच्चों की उपस्थिति दर्ज की गयी. अभिभावकों में अब भी भय का माहौल बना हुआ है. प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और भोजन के नमूने को जांच के लिए भेजा गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Dipankar Shriwastaw

Dipankar Shriwastaw is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >