Saharsa News: सहरसा नगर निगम क्षेत्र के सबसे व्यस्त चौराहों में शामिल लक्ष्मीनिया चौक से गुजरने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है. लंबे समय से गड्ढों और जलजमाव की वजह से परेशानी झेल रहे राहगीरों को आखिरकार राहत मिल गई है. महापौर बेन प्रिया के हस्तक्षेप और धरने के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सड़क की मरम्मत कर इसे मोटरेबल बना दिया है.
अब लक्ष्मीनिया चौक से दोपहिया, चारपहिया और अन्य वाहनों का आवागमन पहले की तुलना में काफी सुगम हो गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस कार्रवाई से रोज लगने वाले जाम और दुर्घटना की आशंका में भी कमी आएगी.
बदहाल सड़क से परेशान थे लोग
लक्ष्मीनिया चौक की सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में थी. सड़क के बीच बने बड़े-बड़े गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से हालात और खराब हो गए थे. वाहन चालकों, ऑटो चालकों, दुकानदारों और पैदल राहगीरों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था.
स्थानीय लोगों का कहना था कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा था.
Saharsa News: महापौर ने खुद संभाला मोर्चा
अधिकारियों की कथित उदासीनता को देखते हुए शनिवार को महापौर बेन प्रिया स्वयं लक्ष्मीनिया चौक पहुंचीं और सड़क की बदहाल स्थिति के विरोध में धरने पर बैठ गईं.
धरने के दौरान उन्होंने कहा कि जनता को ऐसी बदहाल सड़क पर चलने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता. उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सड़क आवागमन योग्य नहीं बनेगी, तब तक वे इस मुद्दे को उठाती रहेंगी.
24 घंटे के भीतर शुरू हुआ मरम्मत कार्य
महापौर के धरने के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ और संबंधित विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क की मरम्मत शुरू कर दी.
सड़क पर बने गहरे गड्ढों को रोड़ी और अन्य निर्माण सामग्री से भरकर समतल किया गया. साथ ही जलजमाव और कीचड़ हटाकर सड़क को मोटरेबल बनाया गया, जिससे वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी.
दुकानदारों और वाहन चालकों ने जताई खुशी
सड़क की मरम्मत के बाद स्थानीय दुकानदारों, ऑटो चालकों और राहगीरों ने राहत की सांस ली. उनका कहना है कि अब आवागमन आसान हो गया है और लंबे जाम की समस्या से भी काफी हद तक राहत मिलेगी.
हालांकि लोगों का यह भी कहना है कि फिलहाल यह अस्थायी राहत है. भविष्य में सड़क का स्थायी निर्माण कराया जाना चाहिए, ताकि बारिश के मौसम में दोबारा ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो.
Also Read: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगा गंगाजल: 15 करोड़ की लागत से बिछेगी पाइपलाइन, अगले महीने होगा काम
