नशा मुक्त कोशी अभियान में एक सप्ताह में 1925 लीटर शराब, 132 किलो गांजा व 135 ग्राम स्मैक बरामद

कोशी क्षेत्र में नशा मुक्त अभियान लगातार सफलता पा रहा है। पिछले सप्ताह 1925 लीटर से अधिक अवैध शराब, गांजा और स्मैक जब्त किए गए, साथ ही 78 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। आम लोगों के सहयोग से यह अभियान जारी है और सूचना देने वालों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।

सहरसा. कोशी क्षेत्र में चलाये जा रहे नशा मुक्त कोशी अभियान को लगातार सफलता मिल रही है. पुलिस उप-महानिरीक्षक कार्यालय, कोशी क्षेत्र, सहरसा की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार सहरसा, सुपौल एवं मधेपुरा जिले में अभियान के तहत विगत सप्ताह 29 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक व्यापक कार्रवाई करते हुए 1925.375 लीटर अवैध शराब, 132.428 किलोग्राम गांजा तथा 135.9 ग्राम स्मैक बरामद किया गया. इस दौरान नौ मोटरसाइकिल, तीन तीनपहिया वाहन, तीन चारपहिया वाहन, 15 मोबाइल, एक गैस सिलेंडर, एक दपारण, दो तसला तथा 14,576 रुपये नकद भी जब्त किये गये. कार्रवाई के दौरान शराब कारोबार से जुड़े 66 तथा सूखा नशा के 12 आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है.

पुलिस उप-महानिरीक्षक कार्यालय के अनुसार अभियान को आम लोगों का भी व्यापक सहयोग मिल रहा है. अभियान के लिए जारी हेल्पलाइन नंबर 9060384865 पर प्राप्त सूचनाओं के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है. हेल्पलाइन पर सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान और मोबाइल नंबर पूरी तरह गोपनीय रखे जाते हैं तथा प्राप्त सूचनाओं की निगरानी सीधे डीआईजी स्तर से की जाती है.

फरवरी से अब तक 65 हजार लीटर से अधिक शराब जब्त

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार फरवरी 2026 में अभियान शुरू होने के बाद से अब तक कोशी क्षेत्र में 65,999.88 लीटर अवैध शराब, 2,584.47 लीटर अवैध कफ सिरप, 5,684.185 किलोग्राम गांजा, 7,378.232 ग्राम स्मैक, 9,098 एमएल नशीला इंजेक्शन तथा 325 नशीली गोलियां बरामद की जा चुकी हैं. इसके अलावा दो विदेशी पिस्टल, एक पिस्टल, पांच देशी कट्टा, एक देशी मस्केट, 37 कारतूस, 76 मोबाइल, 24 चारपहिया वाहन, एक ट्रक, एक नाव समेत अन्य सामान भी जब्त किये गये हैं. अभियान के दौरान अब तक कुल 1,898 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है.

सूचना देने वालों को किया जायेगा पुरस्कृत

कोशी क्षेत्र पुलिस ने आम लोगों से नशा कारोबार से संबंधित सूचना हेल्पलाइन नंबर 9060384865 पर कॉल, मैसेज अथवा व्हाट्सएप के माध्यम से देने की अपील की है. पुलिस ने कहा है कि सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जायेगी. महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर विशेष उपलब्धि मिलने पर संबंधित व्यक्ति को पुलिस उप-महानिरीक्षक, कोशी क्षेत्र, सहरसा की ओर से पुरस्कृत भी किया जायेगा. पुलिस ने कहा कि कोशी क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अंजन आर्यन सिंह

पत्रकारिता में 14 वर्षों का अनुभव. अब तक लगातार सहरसा से क्राइम और स्वास्थ्य की खबरें संकलित करता हूं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >