सौरबाजार (सहरसा) . श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर सौरबाजार प्रखंड के भवटिया में शुक्रवार को युवा बजरंग दल की ओर से मटका फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में टीम ए और टीम बी के बीच चार राउंड तक रोमांचक मुकाबला चला. इसमें टीम ए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि टीम बी उपविजेता रही.
विजेता टीम को पुरस्कार राशि देकर किया उत्साहित
स्थानीय पैक्स अध्यक्ष दिलीप कुमार यादव, युवा बजरंग दल के संयोजक अभिषेक कुमार पंडित, गौरी टेलीकॉम भवटिया तथा मां शारदे कोचिंग सेंटर के संस्थापक निकेश सर ने विजेता टीम को पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया. इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और आयोजन की सराहना की. मटका फोड़ प्रतियोगिता के दौरान ढोल-नगाड़ों और श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा भवटिया गूंज उठा. प्रतियोगिता देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे.
लोगों ने लिया आनंद
लोगों ने रोमांचक मुकाबले का जमकर आनंद लिया और जन्माष्टमी का उत्सव पूरे जोश व उत्साह के साथ मनाया. कार्यक्रम में अरुण कुमार यादव, अवधेश कुमार यादव, रोशन प्रजापति, राम लखन गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. आयोजन को सफल बनाने में युवा बजरंग दल के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
