स्थानीय विधायक संजय कुमार सिंह ने की त्वरित कार्रवाई की मांग
सिमरी बख्तियारपुर. स्थानीय विधायक संजय कुमार सिंह ने बिहार विधानसभा सत्र के दौरान क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा मटेश्वर धाम तक सुरक्षित एवं पक्की सड़क निर्माण का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया. विधायक ने सदन में कहा कि बाबा मटेश्वर धाम आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां सावन के पवित्र माह में प्रत्येक सोमवार तथा भादो माह में लाखों की संख्या में शिवभक्त मुंगेर घाट से गंगाजल भरकर जलाभिषेक करने पहुंचते हैं. दूर-दराज के जिलों से भी श्रद्धालु यहां आते हैं. उन्होंने बताया कि वर्तमान में मुंगेर से बाबा मटेश्वर धाम तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को रेल पटरियों के किनारे बने संकरे और असुरक्षित मार्ग से होकर गुजरना पड़ता है. यह मार्ग अत्यंत जोखिम भरा है और किसी भी समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. सावन के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ जाने से स्थिति और भी गंभीर हो जाती है. विधायक ने राज्य सरकार से मांग की कि जनहित और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग को विधिवत सड़क के रूप में विकसित किया जाए तथा शीघ्र स्वीकृति देकर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाये.उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण होने से न केवल श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे. इस पर पथ निर्माण विभाग के मंत्री ने सदन में आश्वासन दिया कि राज्य के प्रमुख शिव मंदिर कॉरिडोर की सूची तैयार कर केंद्र सरकार को भेजी जायेगी. आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जायेगा. विधायक ने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार की पहल से क्षेत्र की जनता और लाखों शिवभक्तों को शीघ्र सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगा.
