विभिन्न लूटकांड का हुआ खुलासा, एसडीपीओ ने प्रेसवार्ता कर दी जानकारी
सहरसा. जिले में पिछले कुछ दिनों से सक्रिय अंतरजिला लुटेरा गिरोह का जिला पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए एक अपराधी को गिरफ्तार किया है. वहीं एक विधि निरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है. सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने प्रेस वार्ता कर जानकारी देते हुए बताया कि सहरसा और मधेपुरा जिले में योजनाबद्ध तरीके से लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह की पहचान कर ली गयी है व शेष अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि पिछले एक सप्ताह के दौरान जिले में तीन लूट की घटना सामने आयी थी, जबकि एक घटना पिछले महीने मधेपुरा जिले में हुई थी. सुलिंदाबाद स्थित सीएसपी केंद्र से लूट, बैजनाथपुर थाना क्षेत्र के पूजा पेट्रोल पंप पर नोजल मैन को गोली मारकर लूट, बसनही थाना अंतर्गत मंगवार डी टोला के पास एसबीआइ सीएसपी से हथियार के बल पर लूट व मधेपुरा जिले के भर्राही थाना क्षेत्र में ग्रामीण बैंक से लूट की घटना शामिल है. इन सभी मामलों में संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी थी.एसआइटी का गठन कर आरोपी को दबोचा
उन्होंने बताया कि इन घटनाओं के सफल उद्भेदन के लिए पुलिस उपमहानिरीक्षक कोसी क्षेत्र के निर्देशन व सहरसा और मधेपुरा पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष एसआइटी का गठन किया गया था. इसके अलावा पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सदर एसडीपीओ आलोक कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनायी गयी, जिसमें दोनों जिलों के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थानाध्यक्ष, डीआईयू टीम और एसटीएफ को शामिल किया गया. गठित टीम द्वारा तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर आसपास के सीसीटीवी फुटेज का गहन अवलोकन किया गया व छापेमारी अभियान चलाया गया. इसी दौरान घटना में शामिल एक अपराधी को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक विधि विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया. पूछताछ के दौरान दोनों ने सहरसा जिले में हाल में हुई लूट की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर लूट की घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और कुछ कपड़े भी बरामद किए गये हैं.घटना में शामिल अन्य अपराधियों की हुई पहचान, गिरफ्तारी के लिए जारी है छापेमारी
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों को रिमांड पर लेकर आगे पूछताछ की जायेगी. जिससे अन्य लूट की घटनाओं के खुलासे की भी संभावना है. उन्होंने बताया कि घटना में शामिल अन्य सभी अपराधियों की पहचान कर ली गयी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है. गिरोह के मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी के लिए जल्द ही इनाम की घोषणा की जायेगी. साथ ही लूट की राशि से लाभान्वित होने वाले अपराधियों के परिजनों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जायेगी. गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अमर कुमार, पिता सिकंदर साह, धबोली वार्ड नंबर एक, थाना पतरघट, निवासी के रूप में हुई है. पुलिस ने दो मोबाइल फोन और दो बाइक बरामद किया है. जिसमें एक बाइक सहरसा पुलिस द्वारा तथा दूसरी मधेपुरा के भर्राही थाना पुलिस द्वारा जब्त की गयी है.गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास को भी खंगाला जा रहा है. उन्होंने कहा कि इस गिरोह की गिरफ्तारी से भविष्य में होने वाली लूट की घटनाओं पर अंकुश लगेगा और क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत होगी. टीम में साइबर डीएसपी अजीत कुमार, सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार, पतरघट थाना अध्यक्ष शशि कुमार, बैजनाथपुर थाना अध्यक्ष अमित रंजन, पुलिस पदाधिकारी खुशबू कुमारी, सदर थाना के सनोज कुमार वर्मा, डीआईयू टीम के पदाधिकारी, मधेपुरा जिले के भर्राही थाना पुलिस तथा एसटीएफ की टीम शामिल थी. प्रेस वार्ता के दौरान साइबर डीएसपी अजीत कुमार एवं सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार भी मौजूद थे.
