सहरसा. पूर्व प्रदेश महासचिव बिहार कांग्रेस एवं एआईसीसी सदस्य केशर कुमार सिंह ने कहा कि सैयद शाहनवाज हुसैन द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा पर दिया गया अनर्गल बयान भाजपा की घबराहट एवं हताशा को दर्शाता है. अपनी राजनीतिक बेरोजगारी से घबराकर वे केवल लाइम लाइट में आने के लिए इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि यह साफ करना आवश्यक है कि जिस समय मंच से मोदी जी की मां को लेकर आपत्तिजनक शब्द बोले गये उस समय ना तो राहुल गांधी एवं ना ही किसी भी प्रमुख इंडिया गठबंधन के नेता मौजूद थे. इतना ही नहीं जिस व्यक्ति ने यह टिप्पणी की उसके भाजपा से पुराने रिश्ते रहे हैं. भाजपा के बड़े नेताओं के साथ उसकी तस्वीरें यह साबित करती है कि इस षड्यंत्र में भाजपा पूरी तरह शामिल है. शाहनवाज हुसैन जी को यह भी याद रखना चाहिए कि जब नरेंद्र मोदी ने सोनिया गांधी को जर्सी गाय कहा था, तब भी वो एक मां थी.
भाजपा ने अपने नेताओं के बयान की कभी निंदा नहीं की
भाजपा नेता गिरिराज सिंह एवं अश्विनी चौबे ने भी सोनिया गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक बयान दिये, लेकिन भाजपा ने कभी उनकी निंदा नहीं की. यहां तक कि एक टीवी बहस के दौरान कांग्रेस प्रवक्ता की मां को भाजपा के प्रवक्ता ने वैश्या तक कह दिया. फिर भी भाजपा ने उस पर कोई कार्रवाई नहीं की. यह दोहरा चरित्र साफ दिखाता है कि भाजपा मुद्दों पर बहस करने के बजाय ओछी एवं षड्यंत्रकारी राजनीति करती है. राहुल गांधी की यात्रा का उद्देश्य जनता के वोटर अधिकार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं लोकतंत्र की रक्षा है. कांग्रेस एवं गठबंधन इस तरह की घृणित राजनीति से विचलित नहीं होंगे. बिहार एवं देश की जनता असली मुद्दों को समझती है. भाजपा को आने वाले समय में इसका करारा जवाब देगी. उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार में विक्टिम कार्ड खेल कर चुनावी मुद्दे बनाने की कोशिश कर रहे हैं. बिहार की जनता पूरी तरह से नीतीश की एनडीए सरकार से त्रस्त है. आगामी चुनाव में भाजपा जदयू को सबक सिखाने का काम करेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
