बनमा ईटहरी (सहरसा) . लगातार हुई बारिश के कारण बनमा ईटहरी प्रखंड क्षेत्र में जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया. प्रखंड की कई प्रमुख सड़कें जलजमाव और रेनकट की चपेट के कारण आवाजाही में काफी परेशानी हो रही है. प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना हो या मुख्यमंत्री सड़क योजना, अधिकांश सड़कों की स्थिति दयनीय बनी हुई है.स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायत की गई, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका. वहीं एनएच से जुड़ी सड़कों की मरम्मत भी समय पर नहीं होने से परेशानी और बढ़ गई है.
कई सड़कों पर रेनकट की समस्या
रसलपुर–बनमा, सुगमा–लालपुर, बनमा–सिमरी बख्तियारपुर तथा मुरली–महारस मार्ग पर कई स्थानों पर रेनकट की स्थिति बनी हुई है.इन सड़कों के मेंटेनेंस की जिम्मेदारी होने के बावजूद अब तक क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत नहीं कराई गई है.सबसे अधिक परेशानी सुगमा गांव में देखने को मिल रही है, जहां स्कूली बच्चे करीब चार फीट पानी से होकर विद्यालय आने-जाने को मजबूर हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि हाल ही में संवेदक दीपक सिंह द्वारा इस सड़क का निर्माण कराया गया था, लेकिन पहली ही बारिश में इसकी स्थिति खराब हो गई.स्थानीय लोगों के अनुसार आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सादा ने भी इस मामले में जिलाधिकारी को लिखित शिकायत भेजी थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.
सीएम तक से की अपील
वार्ड सदस्य राजकुमार एवं रत्नेश रंजन ने बिहार सरकार के शिकायत पोर्टल के माध्यम से पथ निर्माण मंत्री और मुख्यमंत्री को आवेदन भेजकर शीघ्र समाधान की मांग की है. इस संबंध में सिमरी बख्तियारपुर के एसडीओ आलोक राय ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है. शनिवार को विभाग के अधिकारियों को स्थल निरीक्षण एवं स्थिति के आकलन के लिए भेजा जाएगा.उन्होंने स्वीकार किया कि सुगमा चौक की स्थिति काफी खराब है और आवश्यक कार्रवाई कर समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा.
