लगातार बारिश से सड़कों और मोहल्लों में भरा पानी, अगले दो दिनों तक हल्की से मध्यम वर्षा के आसार

सहरसा में पिछले 48 घंटों से जारी वर्षा ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है. नगर निगम क्षेत्र में व्यापक जलजमाव से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है. वहीं, किसानों के लिए यह बारिश खरीफ फसलों के लिए वरदान साबित हो रही है.

सहरसा : पिछले 48 घंटे से जिले में रुक-रुककर हो रही वर्षा और बूंदाबांदी ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है. लगातार बारिश के कारण नगर निगम क्षेत्र के अधिकांश वार्डों, मुख्य सड़कों और मोहल्लों में जलजमाव की स्थिति बन गई है. कई प्रमुख सड़कें पानी में डूब गई हैं, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं.

दैनिक गतिविधियां हुईं प्रभावित

नगर निगम क्षेत्र के कई वार्डों में नालियों का पानी सड़कों पर बह रहा है. जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से वर्षा का पानी लंबे समय तक जमा रह रहा है. कई स्थानों पर घरों और दुकानों के सामने पानी भर जाने से लोगों की दैनिक गतिविधियां प्रभावित हो गई हैं. स्कूल, बाजार और कार्यालय जाने वाले लोगों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान शहर में जलजमाव की समस्या गंभीर हो जाती है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है.

किसानों के चेहरे खिले

लगातार हो रही बारिश से जहां शहर में परेशानी बढ़ी है, वहीं किसानों के चेहरे खिल उठे हैं. धान की रोपनी और खेतों में लगी खरीफ फसलों के लिए यह वर्षा लाभदायक मानी जा रही है. जिन क्षेत्रों में सिंचाई की समस्या बनी हुई थी, वहां प्राकृतिक वर्षा से खेतों को पर्याप्त नमी मिल गई है. कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि यदि अत्यधिक वर्षा नहीं हुई तो वर्तमान बारिश धान समेत खरीफ फसलों के लिए फायदेमंद साबित होगी.

अगले दो दिनों तक वर्षा के आसार

जलजमाव और कीचड़ के कारण शहर में लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है. कई स्थानों पर छोटे वाहन फंस रहे हैं, जबकि बाजारों में भी ग्राहकों की संख्या कम देखी जा रही है. लगातार बादल छाए रहने से तापमान में गिरावट आई है और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है. मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक जिले में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई है. विभाग के अनुसार मानसूनी गतिविधियां अभी सक्रिय हैं और बीच-बीच में गरज के साथ बारिश हो सकती है. शहरवासियों की निगाहें अब नगर निगम पर टिकी हैं कि जल निकासी व्यवस्था कब तक सुचारु हो पाती है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Vinay kumar mishra

Published by: Shruti Kumari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >