गंगजला लाइट ओवरब्रिज नहीं तोड़ पा रहा जाम का चक्र, राहगीर और बाइक सवार रोज हो रहे परेशान

शहर के थाना चौक से गंगजला चौक रेलवे ढाला तक इन दिनों भीषण जाम की समस्या लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनी हुई है.

दोनों छोर पर अव्यवस्था और अतिक्रमण से बेअसर साबित हो रही व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन पर उठे सवाल

सहरसा. शहर के थाना चौक से गंगजला चौक रेलवे ढाला तक इन दिनों भीषण जाम की समस्या लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनी हुई है. दोपहिया वाहन चालकों एवं पैदल यात्रियों को जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से निर्मित लाइट ओवरब्रिज भी लोगों की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पा रहा है. ब्रिज पर चढ़ने और उतरने के दोनों ओर पर्याप्त जगह नहीं होने के कारण इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है. नतीजतन पैदल यात्री और बाइक सवार भी लंबे समय तक जाम में फंसे रहने को मजबूर हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे ढाला एवं लाइट ओवरब्रिज के दोनों छोर पर ट्रैफिक पुलिस की सख्त निगरानी तथा बेहतर यातायात प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए तो स्थिति में काफी सुधार हो सकता है. लोगों ने ओवरब्रिज की उपयोगिता पर सवाल उठाते हुए प्रभावी ट्रैफिक व्यवस्था की आवश्यकता बतायी है.

ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी के बावजूद नहीं सुधर रही स्थिति

थाना चौक और गंगजला चौक पर ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी रहती है. इसके बावजूद लगातार लगने वाला जाम व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर रहा है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार ट्रैफिक पुलिस की सक्रियता भी नजर नहीं आती, जिससे यातायात व्यवस्था और अधिक प्रभावित होती है.

अतिक्रमण भी बन रहा जाम की बड़ी वजह

थाना चौक से गंगजला ढाला तक सड़क किनारे अवैध रूप से सजी दुकानों के कारण सड़क संकरी हो गयी है. विशेष रूप से वाहनों को फूलों से सजाने वाले कारोबारियों की दुकानों के चलते सड़क का एक बड़ा हिस्सा घिरा रहता है, जिससे यातायात बाधित होता है और जाम की समस्या और गंभीर हो जाती है. स्थानीय लोगों का मानना है कि जब तक सड़क किनारे लगे अतिक्रमणकारी दुकानों को हटाकर अन्य स्थान पर स्थानांतरित नहीं किया जायेगा, तब तक जाम की समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है. लोगों ने जिला प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई करने तथा लाइट ओवरब्रिज के आसपास यातायात प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ बनाने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >