कांवरियों के लिए सजेगा निशुल्क सेवाश्रम, बैठक में भोजन-आवास सहित सभी सुविधाएं मुफ्त देने का निर्णय

देवघर कांवरिया पथ पर स्थित प्रियंका स्मृति सहरसा धर्मशाला में सावन-भादो मास के दौरान शिवभक्तों के लिए निशुल्क सेवाश्रम और भंडारा आयोजित करने का निर्णय लिया गया है. रविवार को हुई बैठक में कांवरियों के लिए निशुल्क भोजन, चिकित्सा, आवास और फलाहार जैसी तमाम सुविधाएं जनसहयोग से उपलब्ध कराने की रूपरेखा तैयार की गई.

सहरसा से विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट: देवघर कांवरिया पथ पर स्थित प्रियंका स्मृति सहरसा धर्मशाला में आयोजित होने वाले निशुल्क सेवाश्रम सह भंडारा को लेकर रविवार को एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई. गोपाल झा की अध्यक्षता और शैलेश कुमार झा के संचालन में आयोजित इस बैठक में आगामी सावन और भादो मास की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी बाबा बैद्यनाथ को जलार्पण करने जा रहे शिवभक्तों के लिए निशुल्क सेवा का भव्य आयोजन किया जाएगा.

भोजन, चिकित्सा और विश्राम की रहेगी समुचित व्यवस्था

धर्मशाला संचालक गोपाल झा ने बताया कि श्रावण एवं भाद्रपद महीने में कांवरियों की भारी भीड़ उमड़ती है, जिसे देखते हुए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं. धर्मशाला प्रांगण में कांवरिया बंधुओं के लिए निशुल्क चिकित्सा, ठहरने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, शौचालय और स्नानागार की सुविधा उपलब्ध रहेगी. इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए चाय, नाश्ता और भोजन का भंडारा निरंतर चलेगा. डाक एवं दांडी कांवरियों की कठिन यात्रा को देखते हुए उनके लिए विशेष फलाहार की निशुल्क व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है.

जनसहयोग से संचालित होगा सेवा का महायज्ञ

संचालक ने जानकारी दी कि प्रियंका स्मृति सहरसा धर्मशाला में वर्ष के प्रत्येक दिन निशुल्क व्यवस्था रहती है, लेकिन मुख्य सीजन में सहरसा वासियों और सनातन धर्मावलंबियों के सहयोग से इसे और अधिक व्यापक बनाया जाता है. उन्होंने कहा कि शिवभक्तों की सेवा ही मुख्य संकल्प है और इसके लिए पूरी टीम समर्पित भाव से कार्य करेगी.

बैठक में दर्जनों गणमान्य लोग रहे मौजूद

इस महत्वपूर्ण बैठक में धर्मशाला व्यवस्थापक रिंकू सर, संजीव कुमार, डॉ. अभय कुमार सिंह, आदर्श सिंह, कन्हैया सिंह कन्हैया और गोलू झा सहित दर्जनों कार्यकर्ता और प्रबुद्ध जन मौजूद थे. उपस्थित सदस्यों ने सेवा शिविर के सफल संचालन के लिए अपने-अपने सुझाव दिए और श्रम दान का संकल्प लिया. मौके पर धीरज कुमार, आशीष कुमार, नमन कुमार, अंशु झा, अंशु मिश्रा, सनोज कुमार यादव, विकास भारती, नंदू कुमार, बुद्धन कुमार और श्यामल किशोर सहित अन्य लोग उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Divyanshu Prashant

Divyanshu Prashant is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >