लोगों को किया जागरूक सहरसा. इन दिनों एकबार फिर से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आग लगने की घटनाओं में वृद्धि हो रही है. जिसे देखते अग्निशमन विभाग द्वारा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. सदर अनुमंडल अग्निशमन विभाग लगातार लोगों को जागरूक करने में जुटा है. इस कड़ी में सोमवार को सदर अनुमंडल अग्निशमन विभाग द्वारा सत्तरकटैया प्रखंड के बिहरा क्षेत्र के किशनपुर पंचायत में ग्रामीणों के बीच जागरूकता अभियान चलाया. सहायक अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी धीरज कुमार के नेतृत्व में अग्निक प्रदीप कुमार, हेमलता कुमारी, अग्निक चालक नवीन कुमार ने मॉकड्रिल के माध्यम से लोगों को जागरूक किया. सहायक अनुमंडल पदाधिकारी धीरज कुमार ने बताया कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य आम लोगों को आग लगने की स्थिति में सतर्क रहने एवं सही तरीके से बचाव करने के उपायों की जानकारी देना था. कार्यक्रम के दौरान अग्निशमन कर्मियों ने आग लगने पर तुरंत क्या कदम उठाने चाहिए, इसकी व्यावहारिक जानकारी देकर लोगों को जागरूक किया. उन्होंने कहा कि आगजनी की अधिकांश घटनाएं छोटी-छोटी लापरवाहियों के कारण होती है. जिन्हें समय रहते सावधानी बरतकर रोका जा सकता है. उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर के उपयोग में सतर्कता, बिजली के खुले तारों से दूरी एवं ज्वलनशील पदार्थों को सुरक्षित स्थान पर रखना बेहद जरूरी है. साथ ही उन्होंने आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय धैर्य बनाए रखने, आसपास मौजूद लोगों को सतर्क करने एवं तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना देने की अपील की. मॉक ड्रिल के दौरान आग बुझाने वाले उपकरणों के प्रयोग का लाइव प्रदर्शन भी किया गया. जिसे देखकर ग्रामीणों ने काफी रुचि दिखाई. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे एवं इसे बेहद उपयोगी एवं जनहितकारी बताया.
आग से सुरक्षा को लेकर अग्निशमन विभाग ने चलाया जागरूकता अभियान
आग से सुरक्षा को लेकर अग्निशमन विभाग ने चलाया जागरूकता अभियान
