SAHARSA NEWS : बच्चे को बचाने के प्रयास में पलटा ई-रिक्शा, चालक गंभीर, दो अन्य घायल

बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के बलवाहाट – सिमरी बख्तियारपुर एनएच 107 स्थित बलथी गांव के समीप रविवार को एक सड़क हादसा हो गया.

सिमरी बख्तियारपुर, सहरसा से आयुष की रिपोर्ट :

बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के बलवाहाट – सिमरी बख्तियारपुर एनएच 107 स्थित बलथी गांव के समीप रविवार को एक सड़क हादसा हो गया. जहां बच्चे को बचाने के प्रयास में एक ई रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया. हादसे में एक बच्चा व ई रिक्शा पर सवार एक यात्री घायल हो गये, जबकि चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गयी. अचानक हुई इस घटना से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया. मिली जानकारी के अनुसार ई रिक्शा सिमरी बख्तियारपुर से बलवाहाट की ओर जा रहा था. इसी दौरान जैसे ही वाहन बलथी गांव के समीप पहुंचा, अचानक एक बच्चा ई रिक्शा के सामने आ गया. बच्चे को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे ई रिक्शा पलट गया. हादसे में बलवाहाट थाना क्षेत्र के सकड़ा पहाड़पुर निवासी चालक सज्जन राय गंभीर रूप से घायल हो गये. वहीं तिलाठी निवासी यात्री गुरुदेव कुमार व बच्चा विक्रम कुमार को भी चोटें आयी हैं. सभी घायलों का इलाज जारी है.

एसडीपीओ ने दिखाई तत्परता

घटना के बाद बलवाहाट से लौट रहे एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने सड़क पर भीड़ देख अपनी गाड़ी रुकवाई और हालात की जानकारी ली. उन्होंने मानवीय पहल दिखाते हुए तुरंत घायलों को इलाज के लिए भेजने की व्यवस्था की. एसडीपीओ ने घायल बच्चे व एक यात्री को नजदीकी निजी क्लीनिक में भर्ती कराया, जबकि गंभीर रूप से घायल चालक को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद चालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया. घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amit kumar sinh

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >