सहरसा. जिला स्कूल मैदान में शनिवार को युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग एवं अवर प्रादेशिक नियोजनालय द्वारा जिला स्तरीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला का आयोजन किया गया. शुभारंभ जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि नियोजन मेला जिले के युवाओं को उनकी शैक्षणिक योग्यता, कौशल एवं रुचि के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है. उन्होंने युवाओं से रोजगार मेलों में सक्रिय भागीदारी कर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की.
मेला में कुल 35 कंपनियों ने कराया पंजीकरण, 27 की रही सहभागिता
मेले में कुल 35 कंपनियों ने पंजीकरण कराया. जिसमें 27 कंपनियों ने सहभागिता की. सहभागी कंपनियों की ओर से विभिन्न पदों के लिए करीब चार रिक्तियां उपलब्ध करायी गयी. अभ्यर्थियों की योग्यता एवं कौशल के अनुरूप ऑनलाइन चयन प्रक्रिया आयोजित की गयी. जिसमें करीब आठ सौ अभ्यर्थियों का चयन किया गया. मेले में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ युवाओं को विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों में संभावनाओं, कौशल विकास एवं कैरियर निर्माण से संबंधित मार्गदर्शन भी दिया गया. जिला प्रशासन एवं नियोजनालय की ओर से अभ्यर्थियों की सुविधा एवं मेले के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गयी थी. मौके पर नियोजन कोसी प्रमंडल, सहरसा के उप निदेशक निशांत कुमार सिन्हा, सहायक निदेशक अमित कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे.
