सहरसा के नवहट्टा नगर पंचायत स्थित बालू टोला में गुरुवार की रात करीब 10 बजे पारिवारिक एवं संपत्ति विवाद को लेकर दो चचेरे भाइयों के बीच चाकूबाजी हो गयी. घटना में एक युवक की मौत हो गयी, जबकि उसकी पत्नी समेत तीन लोग घायल हो गये. मृतक की पहचान बालू टोला निवासी राजेंद्र महतो के पुत्र नीतीश कुमार के रूप में हुई है. घायलों में मृतक की पत्नी नीलम देवी, बड़े भाई शंकर महतो और शंकर महतो की पत्नी चंपा देवी शामिल हैं. तीनों का इलाज सहरसा सदर अस्पताल में चल रहा है.
नाले के गंदे पानी को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात नाले के गंदे पानी को लेकर नीतीश कुमार और परिवार के लोगों के बीच कहासुनी हो रही थी. इसी दौरान नीतीश का चचेरा भाई मिथुन कुमार वहां पहुंच गया. दोनों के बीच विवाद बढ़ने पर हाथापाई शुरू हो गयी. आरोप है कि इसी दौरान मिथुन कुमार ने चाकू से नीतीश पर हमला कर दिया.
बीच-बचाव करने पहुंचे तीन लोग भी चाकू लगने से घायल
चाकूबाजी के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची नीलम देवी, शंकर महतो और चंपा देवी भी घायल हो गयीं. परिजनों के अनुसार, नीतीश के कंधे पर चाकू से वार किया गया था. वहीं शंकर महतो के बाएं कंधे और चंपा देवी की पीठ पर चाकू लगा.
घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवहट्टा ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान नीतीश कुमार की मौत हो गयी. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया.
पैतृक जमीन पर बसने के बाद से चल रहा था विवाद
परिजनों ने बताया कि करीब आठ-नौ वर्ष पहले राजेंद्र महतो अपने परिवार के साथ पैतृक गांव की जमीन पर आकर बसे थे. इससे पहले वे मधेपुरा जिले के खड़ा बुधमा में मजदूरी करते थे. आरोप है कि गांव में बसने के बाद से ही चचेरे भाई मिथुन कुमार द्वारा परिवार को गांव छोड़ने की धमकी दी जाती थी. इसी पारिवारिक और जमीन संबंधी विवाद को घटना की पृष्ठभूमि से जोड़कर देखा जा रहा है.
बाजार से लौटने के बाद दोनों में फिर हुआ विवाद
मृतक की पत्नी नीलम देवी ने बताया कि घटना से पहले नीतीश और मिथुन दोनों बाजार गये थे. वापस लौटने के बाद किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद चाकूबाजी की घटना हुई.
नीतीश तीन भाइयों में दूसरे स्थान पर था और गांव में ही मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था. वह तीन बच्चों का पिता था. उसके दो पुत्रों की उम्र चार और दो वर्ष, जबकि पुत्री की उम्र छह वर्ष है.
आरोपी मिथुन और उसके पिता गिरफ्तार
नवहट्टा थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि पारिवारिक विवाद में चाकूबाजी की घटना हुई है. घटना में एक युवक की मौत हुई है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मिथुन कुमार और उसके पिता नुनु महतो को गिरफ्तार कर लिया है.
थानाध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल इलाके में स्थिति शांत है और पुलिस विधि-व्यवस्था पर नजर रख रही है.
