स्कूल बस का इंतजार कर रहे मासूम को ट्रक ने कुचला, मौके पर ही मौत

सहरसा के भवटिया चौक के समीप गुरुवार सुबह स्कूल बस पर चढ़ने जा रहे एक मासूम को ट्रक ने कुचल दिया. हादसे से नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया, जिससे घंटों आवागमन बाधित रहा.

सहरसा से छत्री कुमार की रिपोर्ट: जिले के सौरबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत बैजनाथपुर-सोनवर्षाराज मुख्य मार्ग पर गुरुवार की सुबह एक हृदयविदारक घटना घटी. भवटिया चौक के समीप एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने छह वर्षीय मासूम को कुचल दिया. इस हादसे में बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया.

स्कूल जाने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, मृतक बच्चा सोनवर्षाराज स्थित एक निजी विद्यालय का छात्र था. गुरुवार की सुबह वह हमेशा की तरह स्कूल जाने के लिए सड़क किनारे खड़ा होकर अपनी स्कूल बस का इंतजार कर रहा था. जैसे ही बस आई और बच्चा उसकी ओर बढ़ने लगा, तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्चे ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद चालक ट्रक लेकर फरार होने में सफल रहा.

आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

मासूम की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर जुट गए. आक्रोशित लोगों ने दोषी चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग को लेकर मुख्य सड़क को जाम कर दिया. सड़क जाम होने के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. स्थानीय लोग प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे थे.

पुलिस की कार्रवाई और आश्वासन

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और उत्तेजित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया. पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद जाम हटवाया और बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Divyanshu Prashant

Divyanshu Prashant is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >