शव को ठेले पर रखकर घंटों किया सड़क जाम

शव को ठेले पर रखकर घंटों किया सड़क जाम

सदर अस्पताल में इलाज के दौरान कैदी की मौत को लेकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन वरीय स्तर से जांच कराने का आश्वासन देकर यातायात कराया बहाल सोनवर्षाराज. सदर अस्पताल में इलाज के दौरान कैदी की मौत को लेकर रविवार को आक्रोशित लोगों ने मृतक कैदी के शव को ठेले पर रखकर सोनवर्षाराज-माली मुख्य मार्ग में देहद मोड़ के समीप सड़क जाम कर दिया. जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीण थानाध्यक्ष के विरुद्ध प्रदर्शन कर पुलिस हिरासत में मारपीट करने से मौत होने का आरोप लगा रहे थे. तिली जानकारी के अनुसार नगर पंचायत के हनुमान टोला निवासी सोनी विश्वास के पुत्र आकाश विश्वास को बीते गुरुवार को शराब मामले में न्यायिक हिरासत में भेजा गया था. जहां तबीयत बिगड़ने पर कैदी आकाश कुमार को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया था. जहां इलाज के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गयी थी. शनिवार की रात मृतक का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौप दिया गया. जिसके बाद रविवार की सुबह आक्रोशित लोगों ने शव को ठेले पर रखकर सोनवर्षाराज-माली मुख्य मार्ग में देहद मोड़ के समीप सड़क जाम कर यातायात बाधित कर दिया. इस दौरान गश्ती के क्रम में पहुंचे गश्ती वाहन का आक्रोशित लोग घेरावकर हंगामा करने लगे. हालांकि गश्ती वाहन में बैठे पुलिस पदाधिकारी आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर मौके से वापस लौट गये. जिसके बाद दर्जनों की संख्या पुलिस बल के साथ सोनवर्षाराज प्रभारी थानाध्यक्ष आकांक्षा कुमारी, काशनगर थानाध्यक्ष विक्की रविदास, बनमा ईटहरी थानाध्यक्ष ज्ञानानंद अमरेंद्र, सिमरी बख्तियारपुर थाना पुलिस सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी जाम स्थल पर पहुंचे व आक्रोशित लोगों को समझाने का घंटों प्रयास किया. इस बीच सूचना पर सिमरी बख्तियारपुर एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर व बीडीओ अरविंद कुमार भी जाम स्थल पर पहुंचे व आक्रोशित लोगों से बातचीत कर विधि पूर्वक तरीके से आवेदन देने व पूरे मामले में वरीय स्तर से जांच कराने का आश्वासन देकर पुलिस के सहयोग से ठेले पर रखे शव को सड़क से हटाया. जिसके बाद सड़क जाम खत्म कर यातायात बहाल कराया जा सका. लोगों के आक्रोश को देख एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर, इंस्पेक्टर मो सुजाउद्दीन, बीडीओ अरविंद कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी व पुलिस बल शव के साथ शमशान घाट पहुंचे व अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूर्ण करा विधि व्यवस्था बहाल करायी. मालूम हो कि बीते 12 फरवरी की शाम सोनवर्षाराज थाना पुलिस ने हनुमान टोला में छापेमारी कर 12 लीटर देसी महुआ शराब के साथ आकाश कुमार को एक अन्य युवक के साथ गिरफ्तार किया था. जिसके बाद उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर बीते गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया था.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >